
Ravi Kishan Temple Money Story: भोजपुरी और बॉलीवुड अभिनेता रवि किशन आज फिल्म, टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। अपने शानदार अभिनय और अलग अंदाज के लिए जाने जाने वाले रवि किशन ने हर मंच पर दर्शकों का दिल जीता है। अब वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनके बचपन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा है।
दरअसल, नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज मामला लीगल है के दूसरे सीजन के ट्रेलर लॉन्च के दौरान रवि किशन ने अपने बचपन की शरारतों से जुड़ा एक मजेदार खुलासा किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान रवि किशन ने बताया कि बचपन में वह काफी शरारती हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि उनके घर के पास हनुमान जी का एक मंदिर था, जहां शनिवार के दिन लोग दीवार पर सिक्के चिपकाकर जाते थे।
रवि किशन ने सुनाया बचपन का किस्सा
रवि किशन ने हंसते हुए कहा कि मैं उन पैसों को चुरा लिया करता था। मुझे लगता था कि भगवान मुझे बहुत प्यार करते हैं और वो पैसे मेरे लिए ही लगाए जाते हैं। उनकी इस बात पर इवेंट में मौजूद सभी लोग हंस पड़े। रवि ने यह भी कहा कि उस समय उन्हें भगवान से डर नहीं लगता था, बल्कि उन्हें लगता था कि भगवान उनके अपने हैं।
आज भी भगवान से नहीं डरता
बातचीत के दौरान रवि किशन ने आगे कहा कि आज भी उनका भगवान के साथ रिश्ता डर का नहीं बल्कि विश्वास का है। उन्होंने कहा कि मैं आज भी भगवान से डरता नहीं हूं। मैं हमेशा कहता हूं कि शिव मेरे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बचपन में उन्होंने कई बार बस और ट्रेन में बिना टिकट के भी सफर किया था। हालांकि बाद में उन्हें समझ आया कि यह गलत है।
ये भी पढ़ें- ‘कुंभ ब्यूटी’ मोनालिसा ने फरमान खान से की शादी, परिवार के विरोध के बीच पुलिस से मांगी सुरक्षा
पिता से मिली सही रास्ते की सीख
रवि किशन ने बताया कि उनके पिता एक पंडित थे और उन्होंने ही उन्हें जीवन में सही और गलत का फर्क समझाया। पिता ने उन्हें सिखाया कि कानून तोड़ना ठीक नहीं होता और इंसान को हमेशा ईमानदारी से जीवन जीना चाहिए। इसी सीख ने उन्हें आगे चलकर अपने जीवन में अनुशासन और जिम्मेदारी अपनाने की प्रेरणा दी। वर्कफ्रंट की बात करें तो रवि किशन जल्द ही मामला लीगल है 2 में नजर आने वाले हैं। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर 3 अप्रैल को रिलीज होगी।



