CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

दृश्यम स्टाइल में खौफनाक मर्डर: सोशल मीडिया फोटो से खुला किरन का राज, पति संग मिलकर ग्राइंडर से किए प्रेमी के टुकड़े; फिर जंगल में फूंका.

दृश्यम स्टाइल में खौफनाक मर्डर: सोशल मीडिया फोटो से खुला किरन का राज, पति संग मिलकर ग्राइंडर से किए प्रेमी के टुकड़े; फिर जंगल में फूंका.

फतेहपुरहमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर और फतेहपुर जिले की सीमा से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने फिल्मी पटकथा को भी मात दे दी है। यहाँ एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही 20 वर्षीय प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने बॉलीवुड फिल्म ‘दृश्यम’ की तर्ज पर लाश को ग्राइंडर मशीन से काटकर टुकड़े-टुकड़े किए और फिर बोरे में भरकर कानपुर के जंगलों में पेट्रोल डालकर जला दिया। हालांकि, शातिर दंपती अपने ही डिजिटल फुटप्रिंट यानी मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की वजह से पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

पहली नजर का प्यार और 8 महीने का गुप्त इश्क

पुलिस लाइन में मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि फतेहपुर जिले के बकेवर थाना इलाके के टिकरा गांव का रहने वाला 20 वर्षीय विजय निषाद बीते 8 मई को घर से हमीरपुर जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया।

जांच में सामने आया कि सिर्फ एक बार नजरें मिलने के बाद विजय और हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के मनकी गांव निवासी कामता निषाद की पत्नी किरन को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। किरन का पति कामता गुजरात में नौकरी करता था, जिसकी गैरमौजूदगी में पिछले 8 महीने से दोनों के बीच इंटेंस लव-अफेयर चल रहा था। दोनों ने साथ जीने-मरने और अपनी एक अलग दुनिया बसाने तक की कसमें खा ली थीं।

सोशल मीडिया फोटो ने पति के सामने खोली पोल, फिर रची गई खूनी साजिश

इस बीच, विजय और किरन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जो किसी तरह गुजरात में बैठे पति कामता तक पहुंच गईं। फोटो देखते ही आगबबूला हुआ कामता तुरंत नौकरी छोड़कर गांव लौट आया और पत्नी को जमकर खरीखोटी सुनाई। इस भारी तकरार के बाद किरन का रुख बदल गया और उसने पति का विश्वास जीतने के लिए अपने ही प्रेमी की बलि चढ़ाने का फैसला कर लिया। दोनों ने मिलकर विजय को रास्ते से हटाने का एक खौफनाक चक्रव्यूह रचा।

गर्मी के कारण अकड़ गई लाश, तो बाजार से खरीद लाए ग्राइंडर

साजिश के तहत 8 मई को किरन ने फोन करके विजय को अपने घर बुलाया। विजय जैसे ही घर के अंदर दाखिल हुआ, वहां पहले से घात लगाकर बैठे पति कामता ने लकड़ी की भारी चौखट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे विजय की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपियों ने दिनभर लाश को घर में छिपाकर रखा। देर रात जब उन्होंने शव को ठिकाने लगाने के लिए बोरे में भरने की कोशिश की, तो भीषण गर्मी के कारण लाश के हाथ-पैर अकड़ चुके थे और वे बोरे में नहीं आ रहे थे। इसके बाद दंपती बाजार गए और वहां से संगमरमर/लोहा काटने वाली इलेक्ट्रॉनिक ग्राइंडर मशीन खरीदकर लाए। उन्होंने घर के भीतर ही निर्दयता से विजय के हाथ-पैर काटकर शव के टुकड़े किए।

कानपुर के जंगलों में पेट्रोल डालकर फूंकी लाश

शव के टुकड़ों को बोरे में भरने के बाद दोनों अपनी बाइक से कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तहरापुर गुरैया के घने जंगलों में पहुंचे। वहां उन्होंने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आरोपियों ने विजय की पहचान मिटाने के लिए उसका मोबाइल, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते और चश्मा भी पूरी तरह नष्ट कर अलग-अलग खेतों में छिपा दिए थे।

एक फोन कॉल काटने से पुलिस को हुआ शक, ऐसे दबोचे गए हत्यारे

विजय के लापता होने के बाद 10 मई को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब विजय का फोन ट्रेस किया, तो उसकी लोकेशन बार-बार बदल रही थी। सीडीआर (Call Detail Record) निकालने पर पता चला कि विजय की आखिरी बातचीत किरन से हुई थी।

संदेह के आधार पर जब पुलिस ने किरन के नंबर पर कॉल किया, तो वह बुरी तरह घबरा गई और उसने पुलिस का फोन काट दिया। बस, महिला की यही एक गलती पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गई। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर दंपती को हिरासत में ले लिया और कड़ाई से पूछताछ की, तो दोनों ने अपना गुनाह उगल दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के अवशेष, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, मोबाइल, ग्राइंडर मशीन और खून से सनी लकड़ी की चौखट बरामद कर ली है। कोर्ट में पेशी के बाद खूनी पति-पत्नी को जेल भेज दिया गया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply