टोंक: राजस्थान के टोंक जिले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) ने टोंक-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है. नाकाबंदी के दौरान मारुति सियाज कार से करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्टेज और 6 बंडल सेफ्टी फ्यूज वायर (करीब 1100 मीटर) बरामद किए गए.
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों, सुरेंद्र पटवा और सुरेंद्र मोची को गिरफ्तार किया है, जो बूंदी जिले के करवर इलाके के निवासी हैं. डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. खुफिया सूचना मिलने पर बरौनी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई और संदिग्ध कार को रोका गया. तलाशी में कार में रखे यूरिया खाद के कट्टों में छिपा हुआ अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ.
टोंक के डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि बरामद अमोनियम नाइट्रेट बेहद खतरनाक है और इसका इस्तेमाल विस्फोटक गतिविधियों में किया जा सकता है. हाल के दिनों में दिल्ली और अन्य हिस्सों में हुए विस्फोटों में भी इसी प्रकार की सामग्री उपयोग में आई थी. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसे कहां ले जाया जा रहा था.
साथ ही जांच यह भी की जा रही है कि क्या इसका संबंध किसी बड़े नेटवर्क या आपराधिक साजिश से है. बरामद विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया गया है और टोंक तथा आसपास के जिलों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं.



