IndiaTrending

दिल्ली के लिए अमेरिका से रवाना हुए CJP संस्थापक अभिजीत दीपके! जंतर-मंतर पर महा-प्रदर्शन की तैयारी तेज

दिल्ली के लिए अमेरिका से रवाना हुए CJP संस्थापक अभिजीत दीपके! जंतर-मंतर पर महा-प्रदर्शन की तैयारी तेज

सोशल मीडिया की दुनिया से निकलकर अब एक अनोखा राजनीतिक ड्रामा दिल्ली की सड़कों पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ‘जय भीम’ का नारा बुलंद करते हुए अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। वे शनिवार की सुबह देश की राजधानी दिल्ली के हवाई अड्डे पर कदम रखेंगे, जहां उनके स्वागत और एक बहुत बड़े प्रदर्शन की तैयारियां की जा रही हैं। दीपके ने एलान किया है कि वे 6 जून को दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर एक विशाल प्रदर्शन करेंगे और देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। हालांकि, इस बेहद चौंकाने वाले प्रदर्शन के लिए उन्होंने अभी तक दिल्ली पुलिस से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली है, जिससे टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है।

अभिजीत दीपके ने अमेरिका से भारत की उड़ान भरने से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने समर्थकों में नया जोश भर दिया है। उन्होंने पांच जून की सुबह ट्वीट करते हुए लिखा कि वे भारत के लिए निकल चुके हैं और अब वे अपना पूरा भविष्य देश के पवित्र संविधान के हाथों में सौंपते हैं। दीपके दिल्ली किस विमान से आ रहे हैं और उनकी फ्लाइट कितने बजे दिल्ली के रनवे पर उतरेगी, इस बात को पूरी तरह गुप्त रखा गया है। लेकिन उनके इस एलान ने दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों को पूरी तरह चौकन्ना कर दिया है।

एयरपोर्ट से सीधे पुलिस थाने जाने की तैयारी

भारत की जमीन पर कदम रखते ही अभिजीत दीपके का प्लान बेहद अलग है। उन्होंने साफ कहा है कि वो दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे किसी होटल या घर जाने के बजाय सबसे पहले सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने जाएंगे। वहां पर वो जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए पुलिस प्रशासन से इजाजत मांगेंगे। दीपके ने अपनी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पंजीकृत सदस्यों को भारी संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की है ताकि वे अपनी ताकत का अहसास करा सकें।

हजारों और लाखों समर्थकों के जुटने का दावा

हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में जब अभिजीत दीपके से प्रदर्शन में आने वाले लोगों की संख्या के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कोई तय आंकड़ा तो नहीं दिया, लेकिन एक बड़ा दावा जरूर ठोक दिया। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से हजारों लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं। उन्होंने अपनी वेबसाइट का हवाला देते हुए कहा कि महज कुछ ही दिनों में उनकी पार्टी से ग्यारह लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं और इन सभी सदस्यों ने दिल्ली आकर प्रदर्शन में शामिल होने का पूरा भरोसा दिया है।

शिक्षा मंत्री का इस्तीफा और मजाक से बनी पार्टी

इस पूरे बड़े आंदोलन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर इस्तीफे के लिए दबाव बनाना है। नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले और CBSE के नतीजों में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर यह युवा संगठन बेहद गुस्से में है। आपको बता दें कि इस पार्टी की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर महज एक मजाक के रूप में हुई थी। लेकिन देखते ही देखते चार दिनों के भीतर इसके फॉलोअर्स की संख्या बड़ी राजनीतिक पार्टियों से भी ज्यादा हो गई और अब यह मजाक एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुका है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply