Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक कलह के चलते एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज हत्यारे पति की तलाश तेज कर दी है.

दरअसल हत्या की ये मामला मैनाठेर थाना क्षेत्र के रसूलपुर हमीर गांव की है, जहां शुक्रवार तड़के घरेलू विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपी ने तैश में आकर अपनी पत्नी के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया है. हमले में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई. शोरशराबा और चीखपुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच, तभी आरोपी घर से भाग निकला.
इलाज के दौरान महिला की मौत
गंभीर हालत में लहूलुहान महिला को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टर तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचा सके. इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है. मृतका की पहचान सना के रूप में हुई है, जिसने करीब छह साल पहले नसीम नामक युवक से प्रेम विवाह किया था.
ये भी पढे़ं:
‘खून से लथपथ पड़ी थी सना’
इस खूनी वारदात के बाद दोनों के तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का आंचल हमेशा के लिए छिन गया है. बदहवास बच्चों का रोरोकर बुरा हाल है. हत्या की घटना को लेकर मृतका सना की मां खैरुल और अन्य परिजनों ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. रोतीबिलखती सना की मां ने बताया कि उनकी छोटी नातिन तड़के भागते हुए उनके पास आई और रोते हुए कहा कि अम्मी को मारा जा रहा है. जब वे वहां पहुंची, तो बेटी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी.
6 साल पहले की लव मैरिज
परिजनों का कहना है कि 6 साल पहले दोनों ने पसंद से शादी की थी, लेकिन कुछ समय बाद से ही आरोपी नसीम और उसकी जेठानी हसीबा मिलकर सना को प्रताड़ित करने लगे थे. जेठानी अक्सर उसे घर से निकालने की धमकियां देती थीं. परिजनों के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी था और लगातार दहेज में भैंस और नकदी की मांग को लेकर बेटी से मारपीट करता रहता था. महिला के मर्डर की जानकारी होते ही मैनाठेर थाना पुलिस और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंवर आकाश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.
आरोपी पति की तलाश में पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका के पिता से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मैनाठेर थाने में आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भेज दिया है. आरोपी पति नसीम वारदात के बाद से ही फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है, जो कि संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.



