Madhya Pradesh

चोरी की नीयत से घुसा, कत्ल कर भागा: जबलपुर पुलिस ने बुजुर्ग महिला की हत्या का किया खुलासा

Jabalpur Murder Case: मध्य प्रदेश में जबलपुर जिले के रांझी थाना के बड़े पत्थर क्षेत्र में 75 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस ने हत्या के आरोपी गोपाल मिश्रा उर्फ रामगोपाल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था. महिला द्वारा पहचान लिए जाने के डर से उसने पहले उन पर हमला किया और फिर शव को कुएं में फेंक दिया.

चोरी की नीयत से घुसा, कत्ल कर भागा: जबलपुर पुलिस ने बुजुर्ग महिला की हत्या का किया खुलासा
चोरी की नीयत से घुसा, कत्ल कर भागा: जबलपुर पुलिस ने बुजुर्ग महिला की हत्या का किया खुलासा

एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह ने बताया कि थाना अंतर्गत बड़ पत्थर के आगे एक मोहल्ले में 75 वर्षीय वृद्ध महिला की 26 मई को हत्या कर दी गई थी. इस मामले की विवेचना चल रही थी. विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक, जो मृतका के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर रहता है, घटना के एक दिन बाद से ही घर से गायब है. पुलिस ने लगातार जांच करते हुए आज उस युवक को गिरफ्तार कर लिया. युवक से की गई पूछताछ में जानकारी मिली कि वह मृतका पुष्पा शर्मा के बेटे राज का दोस्त था और इसी कारण उसका उस घर में आनाजाना था.

चोरी करने पहुंचा था आरोपी

घटना की रात लगभग साढ़े 10 बजे वह चोरी की नीयत से घर में घुसा था. जब वह चोरी कर चुपचाप निकलने की कोशिश कर रहा था, तभी मृतका ने उसे देख लिया. इस पर उसने पान भरने के कुंडे से मृतका पर वार किया. उसने लगातार उनके चेहरे पर हमला किया. इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोपी ने मृतका का मंगलसूत्र निकाल लिया. चूंकि मृतका घायल होकर अचेत अवस्था में गिर गई थीं और आरोपी को डर था कि होश में आने पर वे उसे पहचान लेंगी, इसलिए उसने मृतका को घसीटते हुए घर के बाहर बने कुएं में फेंक दिया.

बुजुर्ग महिला की कर दी हत्या

गिरफ्तार आरोपी का नाम गोपाल मिश्रा उर्फ रामगोपाल मिश्रा है. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी की नीयत से घर में घुसा था और उसे इस बात का पूरा अंदाजा था कि घर में मृतका अकेली है, क्योंकि उसका बेटा राज गांव गया हुआ था. उसने सोचा था कि चोरी कर चुपचाप निकल जाएगा, लेकिन मृतका द्वारा देख लिए जाने और आवाज उठाने पर उसने उन पर हमला कर दिया. संघर्ष के दौरान उसकी चप्पल घटनास्थल पर छूट गई थी. वहीं खींचातानी में उसकी हाफ पैंट भी वहीं रह गई. इसके बाद वह छत के रास्ते निकलकर अपने घर पहुंच गया.

ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

अगली सुबह उसने घटनास्थल पर छूटे अपने सामान को वापस लाने की कोशिश भी की, लेकिन सुबह लोगों के जाग जाने और टहलने वालों की आवाजाही शुरू हो जाने के कारण वह ऐसा नहीं कर पाया. बाद में वह अपने घर से भी फरार हो गया. मृतका का मंगलसूत्र आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और डकैती से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply