Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले के एक गांव से नाबालिग से रेप और फिर हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि इस कांड में सहयोगी उसके मांबाप फरार चल रहे हैं. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बच्ची के परिजन और गांव वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं. पुलिस की कई टीमें मामले की जांच कर रही हैं.

दरअसल, मामला समस्तीपुर जिले के एक गांव का है, जहां एक नाबालिग बच्ची 2 जून को घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान आरोपी साइकिल सिखाने के नाम पर बच्ची को अपने घर में ले गया. आरोप है कि यहां वह भगवान की पूजापाठ के नाम पर तंत्र विद्या करने लगा. इस दौरान उसने बच्ची से कहा कि भगवान को खुश करने के चढ़ावा चढ़ाना होगा. उसने बच्ची को बताया कि इंसान की बलि देनी होगी. बहलाफुसलाकर उसने बच्ची को बलि देने के लिए मना लिया.
बेहोश किया रेप और की हत्या
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने प्रसाद में नशीली दवा खिलाकर बच्ची को बेहोश कर उसके साथ दुष्कर्म किया. बाद में उसकी बेरहमी से हत्या कर शव घर के पीछे फेंक दिया. बच्ची की मौत की सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और फिर वह सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
आरोपी के मातापिता की तलाश जारी
आरोपी के मातापिता फरार चल रहे हैं, जिन्होंने इस कांड में उसका साथ दिया. समस्तीपुर एसएसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले में फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. समस्तीपुर जिले के सदर डीएसपी2 संजय कुमार ने बताया की घटना संज्ञान में आई थी. एक नाबालिग बच्ची को घर में बुलाकर हत्या की गई है. परिजन ने कई गंभीर आरोप आरोपी पर लगाए हैं. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके मांबाप पर गंभीर आरोप हैं. वह फरार चल रहे हैं, जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



