अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है।

IND vs AFG, Virat Kohli replacement: 13 जून से शुरू होने वाली भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। कोहली की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय है, क्योंकि वह इस समय वनडे टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं।
विराट कोहली के बाहर होने के बाद बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने पुष्टि की है कि युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया है। जायसवाल अब अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे और उनके पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा।
IND vs AFG: अब सिर्फ एक फॉर्मेट में खेलते हैं विराट कोहली
विराट कोहली अब भारतीय टीम के लिए केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। ऐसे में वनडे क्रिकेट में उनकी मौजूदगी टीम इंडिया के लिए काफी अहम मानी जाती है। कोहली ने अपना आखिरी वनडे मैच जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जहां उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में 240 रन बनाकर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उस सीरीज में उनका औसत 80 और स्ट्राइक रेट 105.26 का रहा था।
VIRAT KOHLI RULED OUT OF THE ODI SERIES vs AFGHANISTAN.
Yashasvi Jaiswal replaces Kohli in the team. pic.twitter.com/zXPZTM2ZjG
— Johns. June 6, 2026
IND vs AFG: आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में थे कोहली
विराट कोहली की चोट ऐसे समय पर आई है जब वह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे थे। आईपीएल 2026 में उन्होंने 56.25 की औसत और 165.84 के स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए थे। पूरे सीजन में उन्होंने आरसीबी की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली और टीम को लगातार दूसरे खिताब तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में भी कोहली ने नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी, जिसके दम पर आरसीबी ने ट्रॉफी अपने नाम की थी।
IND vs AFG: यशस्वी जायसवाल को मिला बड़ा मौका
विराट कोहली की जगह टीम में शामिल किए गए यशस्वी जायसवाल के लिए यह बड़ा अवसर माना जा रहा है। युवा बल्लेबाज इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में भारतीय टीम का हिस्सा हैं और टेस्ट मुकाबले के बाद वनडे स्क्वॉड से जुड़ जाएंगे। जायसवाल ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था और अब तक केवल चार वनडे मुकाबले खेले हैं। हालांकि सीमित मौकों में उन्होंने अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई है और चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है।
IND vs AFG: कब और कहां खेली जाएगी वनडे सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ और तीसरा तथा अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय बल्लेबाजी क्रम पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी, वहीं फैंस की नजरें यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन पर भी टिकी रहेंगी।



