Madhya Pradesh

‘दोबारा बिल मांगा तो जान से मार देंगे’… जबलपुर में बदमाशों का तांडव, ढाबा संचालक और कर्मचारियों को पीटा

Jabalpur Dhaba violence: मध्य प्रदेश में जबलपुर जिले के पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीग्राम स्थित एक ढाबे में खाने का बिल मांगना संचालक और कर्मचारियों को भारी पड़ गया. खाना खाने पहुंचे कुछ युवकों ने बिल चुकाने को लेकर हुए विवाद के बाद ढाबे में जमकर उत्पात मचाया. लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से लैस बदमाशों ने ढाबा संचालक एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट की और ढाबे में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

‘दोबारा बिल मांगा तो जान से मार देंगे’… जबलपुर में बदमाशों का तांडव, ढाबा संचालक और कर्मचारियों को पीटा
‘दोबारा बिल मांगा तो जान से मार देंगे’… जबलपुर में बदमाशों का तांडव, ढाबा संचालक और कर्मचारियों को पीटा

जानकारी के अनुसार, गांधीग्राम स्थित सतना ढाबा में देर रात राज यादव, जीत रैकवार और उनके कुछ साथी खाना खाने पहुंचे थे. भोजन करने के बाद जब वे बिना भुगतान किए वहां से जाने लगे तो ढाबा संचालक ने उनसे बिल चुकाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी अपने साथियों के साथ ढाबे पर टूट पड़े और लाठीडंडों से हमला कर दिया.

दबंगों ने ढाबे में की तोड़फोड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने करीब दस मिनट तक ढाबे में जमकर हंगामा किया. इस दौरान ढाबा संचालक और कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा गया. हमलावरों ने ढाबे में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया और तोड़फोड़ की. अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद ग्राहकों में अफरातफरी मच गई. कई लोग अपनी जान बचाने के लिए ढाबे से भाग निकले.

घटना का करीब 2 मिनट 13 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कई युवक हाथों में लाठीडंडे लेकर मारपीट और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं. फुटेज में दो नकाबपोश बदमाश भी नजर आ रहे हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह ढाबा कर्मचारियों पर हमला कर रहे हैं और परिसर में तोड़फोड़ कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जातेजाते ढाबा संचालक को धमकी भी दी. उन्होंने कहा कि यदि दोबारा बिल मांगा गया तो जान से मार देंगे. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

खाने का बिल मांगने पर भड़के

मामले को लेकर सीएसपी अधारताल राजेश्वरी कौरव ने बताया कि गांधीग्राम स्थित ढाबे का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक ढाबा संचालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं. इस संबंध में पनागर थाने में अपराध दर्ज कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ढाबे पर खाना खाने गए थे और बिल के भुगतान को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी गोसलपुर क्षेत्र के निवासी हैं. फिलहाल राज यादव और जीत रैकवार सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वायरल सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया गया है. दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है,जबकि अन्य की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जिनजिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply