बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का नया अध्यक्ष चुना गया है। इससे पहले वह कुछ समय के लिए बोर्ड के अंतरिम हेड थे, लेकिन अब चुनाव जीतने के बाद बोर्ड पर उनकी पकड़ पूरी तरह मजबूत हो गई है। सरकार ने अप्रैल में BCB के डायरेक्टर्स के समिति को भंग कर दिया था। उसके बाद से तमीम अंतरिम अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। पिछले साल अक्टूबर में हुए BCB चुनावों से जुड़े आरोपों की जांच के बाद, एक पांच सदस्यीय जांच समिति ने कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसी सिफारिश के आधार पर सरकार ने बोर्ड को भंग करने का फैसला लिया। बता दें कि तमीम 37 वर्ष की उम्र में BCB के अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं।

प्रेसिडेंट बनने के बाद तमीम इकबाल ने क्या कहा?
बांग्लादेश क्रिकेट के इस मुश्किल दौर पर बात करते हुए तमीम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिछले डेढ़ साल में जो कुछ भी हुआ, वह सही नहीं था। मैं किसी को दोष नहीं दूंगा या किसी पर उंगली नहीं उठाऊंगा। अगर हमें इस स्थिति से बाहर निकलना है, तो हमें हर किसी के समर्थन की जरूरत है। यह काम अकेले नहीं किया जा सकता। नवनिर्मित बोर्ड ने फहीम सिन्हा को उपाध्यक्ष भी चुना है। BCB में दो उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की उम्मीद है, लेकिन चुनाव आयोग ने फिलहाल केवल एक ही नाम का ऐलान किया है।
शेरएबांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुई वोटिंग
मीरपुर के शेरएबांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए वोटिंग में तमीम 73 वोटों के साथ सबसे आगे रहे। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान ने सईद इब्राहिम अहमद और इसराफिल खुसरू को पीछे छोड़ा, जिन्हें 7272 वोट मिले। क्लब श्रेणी में कुल 12 सीटों के लिए 16 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। अमजद हुसैन, मेजर इमरोज, फैजुर रहमान और सैयद बोरहानुल हुसैन पप्पू चुनाव जीतने में असफल रहे। मेजर इमरोज को सबसे कम 20 वोट मिले, जबकि अमजद को 32 वोट हासिल हुए।
इंटरनेशनल क्रिकेट में तमीम के आंकड़े रहे हैं शानदार
तमीम इकबाल की बात करें तो वह बांग्लादेश के सबसे सफल क्रिकेटर्स में से एक हैं। वह देश के लिए 70 टेस्ट, 243 वनडे और 78 टी20 साहित 391 इंटरनेशनल मैच खेलने में कामयाब रहे। वनडे क्रिकेट में उनके आंकड़े काफी अच्छे रहे। वहां उन्होंने 240 पारियों में 36.65 के औसत से 8357 रन बनाए। वहीं टेस्ट में उनके नाम 5134 और टी20 इंटरनेशनल में 1758 रन दर्ज हैं।



