Panna Crime News: एकतरफा प्यार, सनकीपन और गुस्सा इंसान को किस हद तक अंधा बना सकता है, इसकी एक रूह कंपा देने वाली वारदात मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र से सामने आई है. यहां बातचीत बंद होने से नाराज एक नाबालिग लड़के ने सारी हदें पार करते हुए, एक मासूम किशोरी को मौत के घाट उतारने की कोशिश की. गंभीर हालत में किशोरी को जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है. मामला सिमरिया का है.

जानकारी के मुताबिक, घायल किशोरी और आरोपी लड़के के बीच प्रेमप्रसंग चल रहा था दोनों एक दूसरे बात किया करते थे, लेकिन बीच में युवती ने अचानक से युवक से बात करना बंद कर दिया, जिससे वो परेशान था. किशोरी ने आरोपी से दूरी बनाई और बातचीत बंद कर दी, तो आरोपी ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, जब वो नहीं मानी तो उसने खौफनाक साजिश रच डाली. 6 जून की सुबह करीब 4 बजे, जब किशोरी अपने घर की छत पर सो रही थी, उसी दौरान आरोपी दबे पांव वहां पहुंचा और लड़की के सिर में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
युवती का अस्पताल में चल रहा इलाज
गंभीर हालत में किशोरी को जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है. वहीं पुलिस ने आरोपी नाबालिग युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी युवक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि युवती से उसका प्रेमप्रसंग चल रहा था. लेकिन अब वो किसी और से बात करती थी, जिससे वो नाराज था. युवती द्वारा किसी और से बात करने की वजह से उसने खौफनाक घटना को अंजाम देने की कोशिश की.
आरोपी युवक गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक स्पेशल टीम गठित की गई. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को दमोह के उदयपुर गांव से घेराबंदी कर दबोच लिया. आरोपी नाबालिग है, जिसने परिजनों की मौजूदगी में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कट्टा और कारतूस भी बरामद कर लिया है.
इनपुट राकेश पाठक/पन्ना



