बॉलीवुड में किसी दिग्गज हस्ती पर बायोपिक बनना कोई बड़ी बात नहीं है। 70 के दशक के सबसे कामयाब अभिनेताओं में से एक का फिल्मी सफर किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं था। उनके जीवन पर आधारित बायोपिक बनाने की घोषणा भी की गई थी लेकिन वो फिल्म कभी बन कर तैयार ही नहीं हुई।

फिल्म प्रोड्यूसर निखिल द्विवेदी ने साल 2021 में राजेश खन्ना की बायोपिक बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक वो फिल्म नहीं बनी। अब इस बारे में प्रोड्यूसर ने बात की है और फिल्म ना बनने की वजह बताई है। राजेश खन्ना के परिवार पर बात करते हुए भी प्रोड्यूसर ने काफी बातें की हैं।
क्यों नहीं बनी राजेश खन्ना की बायोपिक
विक्की ललवानी के साथ बातचीत में जब प्रोड्यूसर से पूछा गया कि आपने राजेश खन्ना पर बायोपिक बनाने का ऐलान किया था, उसका क्या हुआ तो प्रोड्यूसर निखिल द्विवेदी ने जवाब में कहा कि ‘हां वो अभी ठंडे बस्तर में चली गई है लेकिन मैं अभी भी जिंदगी के किसी समय पर वो बनाने पसंद करुंगा।’
प्रोड्यूसर से पूछा जाता है कि क्या उन्हें राजेश खन्ना के परिवार से इजाजत नहीं मिली, फिल्म क्यों ठंडे बस्तर में चली गई तो इसके जवाब में उन्होंने कहा ‘नहीं, मुझे किसी की इजाजत की जरूरत नहीं थी, ये कानून है कि अगर कोई जिंदा नहीं है और आप उन पर फिल्म बनाने चाहते है तो उसके लिए आपको किसी भी तरह की इजाजत की जरूरत नहीं है।’
क्या परिवार ने जताई था आपत्ति
‘लेकिन ये एक काफी छोटी जगह है, किसी को भी असुविधाजनक महसूस नहीं करना चाहिए। मेरी किसी से डायरेक्ट बात नहीं हुई इस बारे में, पर ऐसा मुझे लगा कि अभी इस समय वो फिल्म बनाने से कुछ लोग खुश नहीं होंगे।’ इसके बाद उनसे पूछा जाता है कि आपने ऐसा सुना तो प्रोड्यूसर का जवाब होता है, ‘हां। मुझे लगता है कि किसी को अनकंफर्टेबल महसूस करा कर ये फिल्म बनाना सही नहीं होगा।’
जब बार बार होस्ट इस फिल्म के ना बनने पर राजेश खन्ना के परिवार का नाम लेते है तो अपनी बात पूरी करते हुए निखिल ने बिना कोई नाम लिए कहा, ‘कभी कभी ऐसा भी होता है कि किसी को ये लग रहा होता है कि अगर उन पर फिल्म बने तो वो सिर्फ हम बनाएं क्योंकि हम उनकी कहानी के साथ न्याय कर सकतें हैं। मुझे लगता है ठीक है अगर कोई ऐसा मानता है तो।’
निखिल द्विवेदी का पुराना बयान
साल 2021 में एएनआई से बातचीत के दौरान निर्माता ने पुष्टि की थी कि उन्होंने गौतम चिंतामणि की किताब डार्क स्टार के अधिकार हासिल कर लिए हैं और इस प्रोजेक्ट को लेकर फराह खान से बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा था कि फिलहाल वह इससे ज्यादा जानकारी शेयर नहीं कर सकते, लेकिन राजेश खन्ना की जिंदगी की कहानी को बड़े पर्दे पर लाने को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं और किसी बड़े अपडेट पर जरूर जानकारी देंगे। लेकिन अब ये फिल्म ठंडे बस्तर में जा चुकी है।
ट्विंकल खन्ना का राजेश खन्ना की बायोपिक पर बयान
बता दें कि जब ये फिल्म बनाने का ऐलान हुआ था तो ट्विंकल खन्ना ने निर्माता निखिल द्विवेदी की घोषित की गई बायोपिक पर सीधे तौर पर कोई आपत्ति नहीं जताई थी लेकिन उन्होंने ये कहा था कि वह अपने पिता पर बनने वाली किसी भी फिल्म के निर्माण में शामिल नहीं होंगी और न ही वो चाहती हैं कि उनके पति अक्षय कुमार उसमें अभिनय करें।



