Jabalpur News: मध्य प्रदेश में जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज सनकी युवक ने युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने युवती का गला रेत दिया और बचाव के दौरान उसके हाथ पर भी गंभीर चोट पहुंचाई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल युवती को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां आईसीयू में युवती का ईलाज चल रहा है.

के जबलपुर में घायल युवती की छोटी बहन ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है. उसने बताया कि वह रामपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर डाटा ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है. उसकी बड़ी बहन चार दिन पहले उसके पास जबलपुर आई थी. घटना वाले दिन वह सुबह ड्यूटी पर चली गई थी और बड़ी बहन घर पर अकेली थी. शाम करीब 6:15 बजे जब वह ड्यूटी से वापस अपने किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंची तो मकान का गेट बाहर से बंद मिला. गेट खोलकर अंदर पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी बड़ी बहन दरवाजे के पास जमीन पर बैठी हुई थी और काफी मात्रा में खून बह रहा था. युवती के गले और दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें थीं.
पीड़िता की बहन ने क्या कहा?
घायल युवती ने बहन को बताया कि शाम करीब 4 बजे उसका परिचित मयूर चौरसिया कमरे में आया था. वह उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था. जब उसने शादी से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी आगबबूला हो गया और चाकू निकालकर उसकी हत्या करने की नीयत से गले पर हमला कर दिया. युवती ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिसके दौरान उसके हाथ में भी गहरी चोट लग गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया तथा बाहर से दरवाजा बंद कर दिया.
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
परिजन पहले घायल को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे जबलपुर अस्पताल रेफर किया गया. हालत गंभीर होने के कारण बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोबारा भर्ती कराया गया है. मामले की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी मयूर चौरसिया के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एमडी नागोतिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नितिन कमल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है. पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.



