
जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने नंदपुरी इलाके में सड़क चौड़ीकरण के दौरान रास्ते में आ रहे धार्मिक स्थल को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. बताया जा रहा है कि प्रशासन की टीम ने नूरानी मस्जिद को सील कर ढहाने की कार्रवाई शुरू की कर दी है. प्रशासन ने एंटी एंक्रोचमेंट ड्राइव को शुरू करने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. इसके लिए इस इलाके में इंटरनेट बंद किया गया है. वहीं भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
सड़क चौड़ीकरण का काम
बताया जा रहा है कि मालवीय नगर से जगतपुरा तक जाने वाली मुख्य सड़क को चौड़ा करने का काम काफी समय से चल रहा था. ऐसे में पिछले कई दिनों से सड़क को चौड़ा किया जा रहा था. लेकिन इस दौरान मस्जिद को छोड़ दिया गया था. इसके बाद लोग सोशल मीडिया पर लगातार सत्तारूढ़ बीजेपी के खिलाफ पोस्ट लिख रहे थे, जिसके अब बाद जयपुर विकास प्राधिकरण ने इसे हटाने का फैसला लिया.
पांच धार्मिक स्थल हटाए जाएंगे
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार JDAऔर जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इस सड़क को चौड़ा करने के लिए काम कर रहे हैं. नंदपुरी अंडरपास के पास रेलवे लाइन के समानांतर चलने वाली सड़क को अभी के 25-30 फीट से बढ़ाकर 80 फीट करने का अभियान चल रहा है. इस अभियान में सड़क की सीमा में आने वाले पांच धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है, जिनमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग हॉल और एक मजार शामिल हैं. यह सभी स्थल सड़क के राइट ऑफ वे यानी सीमा के भीतर आ रहे हैं.



