
इसी साल भारत में आयोजित हुए टी20 विश्व कप 2026 में बांग्लादेश के ना खेलने के फैसले के परिणाम अभी भी महसूस किए जा रहे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान लिटन दास ने तत्कालीन अंतरिम सरकार और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) द्वारा लिए गए निर्णय पर सवाल उठाए। बांग्लादेश इस मेगा इवेंट में हिस्सा नहीं ले पाया, जो इस साल 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में आयोजित हुआ था।
बीसीसीआई द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने की अनुमति न देने के बाद, बांग्लादेश ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अपने मैच श्रीलंका में स्थानांतरित करने का अनुरोध किया। दास की अगुवाई वाली टीम को अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच भारत में कोलकाता और मुंबई के दो स्टेडियमों में खेलने थे। आईसीसी ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया, क्योंकि बांग्लादेशी सरकार के अधिकारियों ने टीम को भारत यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके चलते स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह शामिल किया गया।
लिटन दास ने पाकिस्तान की फजीहत कर डाली
लिटन दास ने इस घटना के बारे में बात की और आसिफ नजरुल के साथ हुई एक मुलाकात को याद किया। तत्कालीन खेल सलाहकार ने दावा किया था कि पूरी टीम के साथ बैठक के बाद खिलाड़ियों ने यह फैसला लिया था। हालांकि, लिटन दास ने इस बयान का खंडन किया और दावा किया कि वह बैठक एक मीडिया स्टंट थी और उस समय भी वे अपने दावे पर कायम रहे।
लिटन दास ने प्रोथोम आलो के साथ बातचीत में कहा, “कोई सवाल ही नहीं था। हम तो बस वहां मौजूद रहने और चाय पीने गए थे। यह महज एक मीडिया स्टंट था। इसलिए, हमारी सोच भी वैसी ही थी।”
उन्होंने भारत में सुरक्षा खतरे की बात पर भी सवाल उठाया और बताया कि वे पाकिस्तान में खेल चुके हैं, जहां उनके होटल के कमरों के बाहर गार्ड बंदूकें लेकर खड़े रहते थे। दास ने कहा, “उन्होंने बस हमसे पूछा कि हम क्या चाहते हैं। अब, एक खिलाड़ी के तौर पर आप क्या चाहते हैं? हम बेशक लड़ना नहीं चाहते थे; हम क्रिकेट खेलना चाहते थे। लेकिन उन्होंने भारत में सुरक्षा पर सवाल उठाया। मैंने कहा कि हम पाकिस्तान में क्रिकेट खेल चुके हैं, जहां कमरे के बाहर बंदूकें लेकर खड़े रहते थे। इससे ज्यादा खतरनाक और क्या हो सकता है? लेकिन यह उनका फैसला था। खिलाड़ियों के तौर पर हमारी कोई राय नहीं थी।”
फिर बांग्लादेश में हुए बदलाव, बोर्ड को मिला नया अध्यक्ष
इस घटना के बाद बांग्लादेश में नई सरकार चुनी गई और बीसीबी में कई बदलाव हुए। पिछले सप्ताह पूर्व कप्तान तानिम इकबाल को बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया। सरकार द्वारा पूर्व बोर्ड को भंग किए जाने के बाद उन्होंने अंतरिम रूप से कार्यभार संभाला था। तमीम इकबाल बांग्लादेश के पूर्व कप्तान हैं और सबसे सफल बल्लेबाज भी रहे हैं। मौजूदा टीम के कुछ सदस्यों के साथ वो अपने करियर के दौरान मैदान भी साझा कर चुके हैं।



