UP Police Constable Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को प्रदेशभर में लाखों अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. अधिकारियों के अनुसार पहले दिन लगभग 75.15 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. इसके बावजूद कुछ जिलों से गड़बड़ी और नकल के प्रयासों की घटनाएं सामने आईं, जिनमें हापुड़ का मामला सबसे अधिक चर्चा में रहा.

हापुड़ जिले के पिलखुवा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के भीतर पहुंचा दिया. जानकारी के मुताबिक अमरोहा निवासी अभ्यर्थी सचिन चेकिंग के दौरान किसी तरह मोबाइल फोन छिपाकर अंदर ले जाने में सफल रहा. बताया जा रहा है कि उसने मोबाइल फोन अपने अंडरवियर में छिपा रखा था, जिसके कारण शुरुआती जांच में वह पकड़ में नहीं आया.
वॉशरुम जाने का बहाना बनाया
परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद अभ्यर्थी ने वॉशरूम जाने का बहाना बनाया और शौचालय पहुंच गया. काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों को शक हुआ. जब उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और जांच की गई तो उसके पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया. इस घटना के सामने आते ही परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया.
मामले को गंभीरता से लेते हुए हापुड़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. जांच में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर दो उपनिरीक्षकों समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया. वहीं आरोपी अभ्यर्थी सचिन के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
अलगअलग जगहों से नकल का मामला सामने आया
केवल हापुड़ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों से भी नकल और अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं. गोरखपुर में दो अभ्यर्थियों को संदिग्ध गतिविधियों के चलते गिरफ्तार किया गया. आजमगढ़ में एक अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं राजधानी लखनऊ में भी दो अलगअलग मामलों में रिपोर्ट दर्ज की गई है.
प्रदेशभर में परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे. परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथसाथ अभ्यर्थियों की सघन तलाशी भी ली जा रही थी. इसके बावजूद सामने आई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं.



