आजकल मार्केट में मिलने वाली कई खाद्य पदार्थों में मिलावट की जाती है। घी, दूध, पनीर, दाल, सब्जी, चावल से लेकर अन्य कई खाद्य पदार्थों में मिलावट की खबरें आ चुकी हैं। इनमें डिटर्जेंट या फिर केमिकल मिलाया जाता है, जो सेहत के लिए बेहद ही खतरनाक साबित हो सकते हैं। इन्हीं खाद्य पदार्थों में से एक लाल मिर्च पाउडर भी है। भारतीय घरों में लाल मिर्च पाउडर का उपयोग भोजन का स्वाद और रंग बढ़ाने के लिए किया जाता है। लेकिन मिलावटी लाल मिर्च आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।

मिलावटी लाल मिर्च दिखने में बिल्कुल असली जैसा लगता है, जिसके चलते इसमें मिलावट का पता लगा पाना मुश्किल होता है। कई बार इसमें रंग और केमिकल मिलाए जाते हैं। हालांकि, एक आसान तरीका है जिसकी मदद से आप मिलावटी लाल मिर्च पाउडर का पता लगा सकते हैं। आइए जानते हैं:
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ इंडिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा करते हुए जानकारी दी है कि, किस तरह से आप घर पर आसानी से पानी की मदद से मिलावटी लाल मिर्च पाउडर का पता लगा सकते हैं।
ऐसे चेक करें लाल मिर्च पाउडर की शुद्धता
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ इंडिया के अनुसार, लाल मिर्च पाउडर में मिलावट की जांच आप घर पर आसानी से सिर्फ पानी की मदद से की जा सकती है। इसके लिए एक गिलास में पानी भर लें और ऊपर थोड़ा हिस्सा खाली छोड़ दें। अब इसमें एक चम्मच लाला मिर्च पाउडर डाल दें। यदि लाल मिर्च पाउडर शुद्ध है, तो वह कुछ समय के लिए पानी की सतह पर तैरता रहेगा और धीरेधीरे नीचे बैठेगा। पूरी तरह नीचे बैठ जाने के बाद पानी का रंग साफ दिखाई देता है और लाल रंग घुलता नजर नहीं आता तो इसका मतलब आपका लाल मिर्च पाउडर शुद्ध है।
मिलावटी लाल मिर्च पाउडर को जब पानी में डालते हैं, तो यह ऊपरी सतह पर नहीं टिकता है और तेजी से नीचे इकट्ठा होने लगता है। इसके साथ ही पानी का रंग भी तेजी से बदलता नजर आता है, जो मिलावटी और नकली लाल मिर्च पाउडर की पहचान होती है। ऐसे में आप पानी के इस आसान तरीके से घर पर ही मिलावटी लाल मिर्च पाउडर की पहचान कर सकते हैं।



