
तमिलनाडु की राजनीति से पिछले दिनों एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई थी, जब बीजेपी के फायरब्रांड नेता और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने अचानक पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस फैसले ने सबको हैरान कर दिया था, लेकिन अब अन्नामलाई ने कुछ ऐसा किया है जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। बीजेपी छोड़ने और अपनी राहें अलग करने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अन्नामलाई का दिल धड़क रहा है। उन्होंने पीएम मोदी के नाम एक बेहद खास संदेश लिखकर सबको हैरान कर दिया है।
पीएम मोदी के ‘हनुमान’ ने रिकॉर्ड बनाने पर दी बधाई
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएमओ (PMO) में रिकॉर्ड समय तक रहने का एक नया कीर्तिमान अपने नाम किया है। इसी ऐतिहासिक मौके पर के. अन्नामलाई ने प्रधानमंत्री को दिल खोलकर बधाई दी है। आपको बता दें कि अन्नामलाई अपनी शानदार आईपीएस (IPS) की नौकरी छोड़कर सिर्फ और सिर्फ पीएम मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर ही बीजेपी में शामिल हुए थे। देखते ही देखते वह दक्षिण भारत में बीजेपी के सबसे कद्दावर नेता और राजनीति में पीएम मोदी के ‘हनुमान’ के रूप में मशहूर हो गए थे। अब भले ही वह पार्टी में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने पीएम मोदी की तीसरी बार शपथ लेते हुए एक खूबसूरत तस्वीर साझा कर उनके प्रति अपना सम्मान जाहिर किया है।
अन्नामलाई ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
अन्नामलाई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पहले ट्विटर) पर पीएम मोदी के लिए बेहद भावुक और आदरणीय शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने लिखा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री थिरु नरेंद्र मोदी जी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। आज उन्होंने देश के प्रधानसेवक के रूप में अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। भगवान उन्हें देश की सेवा इसी तरह जारी रखने के लिए और अधिक शक्ति तथा उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करे।
वैसे यह कोई पहली बार नहीं है जब अन्नामलाई का पीएम मोदी के प्रति यह लगाव दिखा हो। इससे पहले भी वह कई बार सार्वजनिक मंचों पर कह चुके हैं कि वह पीएम मोदी को बेहद पसंद करते हैं और उनके काम के मुरीद हैं। यहां तक कि जब उन्होंने बीजेपी से अपना इस्तीफा दिया था, तब भी उन्होंने इस बात का विशेष रूप से जिक्र किया था। इसके अलावा जब पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स पूरे हुए थे, तब भी अन्नामलाई ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की थी।
अन्नामलाई के जाने से तमिलनाडु बीजेपी को लगा तगड़ा झटका
अन्नामलाई के बीजेपी से अलग होने के बाद उनके समर्थकों में भारी जोश देखा जा रहा है। पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने जो नई मुहिम शुरू की है, उसे अब तक करीब 17 लाख से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन अपना समर्थन दे दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अन्नामलाई अब तमिलनाडु में अपनी एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने की तैयारी में जुटे हैं। इसी सिलसिले में वह करूर में ‘वी द लीडर्स’ (We The Leaders) के बैनर तले एक बड़ा स्टेज स्पीकर कार्यक्रम करने जा रहे हैं, जो 19, 20 और 21 जून को आयोजित होने वाला है।
दूसरी तरफ, अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु में बीजेपी की मुश्किलें काफी बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। उनके समर्थन में कई छोटे-बड़े नेताओं ने पार्टी को टाटा-बाय-बाय कहना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में तमिलनाडु बीजेपी के स्टेट सेक्रेटरी अमर प्रसाद रेड्डी ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी आधिकारिक पदों से तुरंत इस्तीफा दे दिया है। अमर प्रसाद रेड्डी पिछले 13 साल से बीजेपी के साथ वफादारी से जुड़े हुए थे, लेकिन अन्नामलाई के समर्थन में उन्होंने भी पार्टी से अपना नाता तोड़ लिया है।


