
Rotis For Weight Loss & Diabetes: जब भी वजन घटाने (Weight Loss) या ब्लड शुगर कंट्रोल करने की बात आती है, तो सबसे पहला ध्यान चावल छोड़ने और रोटी की मात्रा कम करने पर जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि समस्या रोटी खाने में नहीं, बल्कि गलत अनाज चुनने में है? हम सालों से सिर्फ गेहूं की रोटी खाते आ रहे हैं, जबकि बदलते लाइफस्टाइल में हमारी बॉडी की जरूरतें अलग हैं। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स और डॉक्टरों के मुताबिक, अगर आप सिर्फ गेहूं पर निर्भर रहने के बजाय अपनी सेहत और जरूरत के हिसाब से सही अनाज चुनें तो डायबिटीज और मोटापे जैसी बीमारियों को आसानी से मैनेज किया जा सकता है।
आयुर्वेदिक डॉक्टर और लाइफस्टाइल एक्सपर्ट डॉक्टर दिव्यानी भगत के मुताबिक रोटी भारतीय भोजन का सबसे अहम हिस्सा है, लेकिन हर व्यक्ति के लिए एक ही तरह की रोटी फायदेमंद नहीं होती। शरीर की जरूरत,मेडिकल हिस्ट्री और पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार अलग-अलग अनाजों से बनी रोटियां अलग फायदे देती हैं। वजन बढ़ाने से लेकर डायबिटीज कंट्रोल करने और पाचन सुधारने तक, सही आटे की रोटी चुनकर सेहत को बेहतर बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं किस समस्या में कौन-सी रोटी खाना फायदेमंद माना जाता है।
वजन बढ़ाना चाहते हैं तो खाएं गेहूं की रोटी
अगर आपका वजन कम है और आप चाहते हैं कि आपका वेट गेन हो जाए तो आप डाइट में गेहूं की रोटी को शामिल करें। वेट गेन के लिए गेहूं की रोटी बेस्ट विकल्प हो सकती है। गेहूं में पर्याप्त मात्रा में कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी होती है, जो शरीर को एनर्जी देने और वजन बढ़ाने में मदद करती है। नियमित और संतुलित मात्रा में गेहूं की रोटी खाने से शरीर को जरूरी पोषण भी मिलता है।
वजन कम करने के लिए चुनें जौ की रोटी
जहां गेहूं के आटे की रोटी वजन को बढ़ाती है वही जौ की रोटी ऐसी है जिसका सेवन करने से वजन घटता है। जौ में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और बार-बार भूख नहीं लगती। इसके अलावा यह पाचन को भी बेहतर बनाने में मदद करती है, जिससे वजन कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
डायबिटीज मरीज खाएं चने की रोटी
डायबिटीज मरीजों के लिए चने के आटे से बनी रोटी को बेहतर ऑप्शन माना जाता है। चने का ग्लाइसेमिक इंडेक्स गेहूं के आटे की तुलना में कम होता है, जिससे ये ब्लड में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ने नहीं देता। साथ ही इसमें प्रोटीन और फाइबर भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। फाइबर से भरपूर रोटी डायबिटीज मरीजों में कार्ब्स लोड को नहीं बढ़ाती और ब्लड शुगर नॉर्मल रहता है।
कब्ज की समस्या में खाएं बाजरे की रोटी
अगर आपको कब्ज या पाचन संबंधी परेशानी रहती है तो आप बाजरे की रोटी को अपनी डाइट का हिस्सा बना लें। बाजरा फाइबर से भरपूर होता है, जो आंतों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाता है और मल त्याग को आसान बनाने में मदद करता है। सर्दी के दिनों में इस रोटी का सेवन बेहद असरदार होता है। बॉडी को गर्म रखने में ये रोटी असरदार साबित होती है और कब्ज भी दूर करती है।
हड्डियों को मजबूत बनाती है रागी रोटी
रागी को कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है, इसलिए हड्डियों को मजबूत बनाने और बोन हेल्थ बेहतर रखने के लिए रागी की रोटी फायदेमंद हो सकती है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए ये रोटी खासतौर पर असरदार साबित होती है।
दिल की सेहत के लिए खाएं ज्वार की रोटी
ज्वार अनाज में फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में असरदार साबित होते हैं। इसका सेवन करने से दिल की सेहत में सुधार होता है।
प्रोटीन रिच डाइट के लिए चुनें सोयाबीन मिश्रित आटे की रोटी
प्रोटीन शरीर की मांसपेशियों और ऊतकों के निर्माण के लिए जरूरी होता है। अगर आप अपनी डाइट में प्रोटीन बढ़ाना चाहते हैं तो सोयाबीन मिश्रित आटे की रोटी खा सकते हैं। सोयाबीन प्रोटीन का समृद्ध स्रोत माना जाता है और यह शरीर को जरूरी अमीनो एसिड भी उपलब्ध कराता है।
पाचन सुधारने के लिए है मल्टीग्रेन रोटी
मल्टीग्रेन रोटी कई तरह के अनाजों को मिलाकर बनाई जाती है, जिससे इसमें फाइबर, विटामिन और मिनरल्स की मात्रा बढ़ जाती है। यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, पोषण बढ़ाने और लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकती है। इसलिए संतुलित आहार के लिए मल्टीग्रेन रोटी एक अच्छा विकल्प मानी जाती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। यह किसी भी तरह से योग्य डॉक्टर या प्रमाणित न्यूट्रिशनिस्ट की चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। हर व्यक्ति के शरीर की जरूरत, बीमारियां जैसे गंभीर डायबिटीज या किडनी की समस्या और मेटाबॉलिज्म अलग होते हैं। इसलिए अपनी डाइट में किसी भी तरह का बड़ा बदलाव करने या नया अनाज शामिल करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से परामर्श जरूर करें।



