
टनकपुर, चम्पावत : चम्पावत जिले के बनबसा क्षेत्र में एक मेडिकल व्यवसायी पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों द्वारा आरोपी के विरुद्ध बनबसा थाने में तहरीर सौंपी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की और मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राज मुशर्रफ बनबसा में एक मेडिकल प्रतिष्ठान संचालित करता है। नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप की घटना के बाद से ही हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त है। मामले को लेकर राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष पाठक और बजरंग दल के जिला संयोजक पवन मेहता ने कड़ी निंदा व्यक्त की है। उन्होंने नाबालिग को न्याय दिलाने तथा आरोपी को जेल भेजकर सख्त कार्रवाई किए जाने पर चम्पावत पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
बनबसा थाना प्रभारी सुरेंद्र कोरंगा ने बताया कि नाबालिग पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जांच की गई। जांच के उपरांत आरोपी राज मुशर्रफ के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया गया है।



