उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पत्नी अपने पति की करोड़ों रुपये की पैतृक जमीन बेचकर प्रेमी के साथ ऐश-ओ-आराम की जिंदगी बिताना चाहती थी। हालांकि, शातिर दिमाग पत्नी की इस खौफनाक साजिश पर गांव में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे ने पानी फेर दिया। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी रचना को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
खीर में मिलाई नशीली गोलियां, फिर रची मौत की खौफनाक साजिश
गिरफ्त में आई आरोपी पत्नी रचना ने पुलिस पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, उसे सुनकर खाकी भी दंग रह गई। रचना ने बताया कि शुक्रवार की रात उसने पूरी प्लानिंग के तहत अपने पति सचिन को खाने में उसकी पसंदीदा खीर दी, जिसमें उसने पहले से ही भारी मात्रा में नशीली गोलियां मिला रखी थीं। खीर खाते ही सचिन गहरी नींद और बेहोशी की हालत में चला गया। इसके बाद रचना ने अपने प्रेमी सोनू (निवासी रंछाड़) को तुरंत घर बुला लिया।
‘मौत का वो खौफनाक मंजर… जब तड़प-तड़प कर मरा पति’
पूछताछ में रचना ने टूटते हुए वारदात की पूरी कहानी बयां की। उसने बताया, “सचिन जब नशे में पूरी तरह बेसुध हो गया, तो मैंने उसके दोनों पैर मजबूती से पकड़ लिए ताकि वह हिल न सके। इसके बाद मेरे प्रेमी सोनू ने तकिये से उसका मुंह और नाक पूरी तरह दबा दिया और गला घोंटकर उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।” हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर प्रेमी सोनू, रचना से ढाई लाख रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गया।
कीटनाशक का बहाना बनाकर प्राकृतिक मौत देने का था प्लान
पति को रास्ते से हटाने के बाद रचना ने इस मर्डर को एक सामान्य मौत का रूप देने की पूरी स्क्रिप्ट तैयार कर ली थी। उसने सुबह उठकर परिजनों और ग्रामीणों के सामने रोना-धोना शुरू किया और कहानी गढ़ी कि सचिन खेत में कीटनाशक (Pesticide) का छिड़काव करने गए थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। ग्रामीण भी इस बात को सच मान बैठे थे, लेकिन तभी पुलिस को इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज हाथ लग गए। फुटेज में देर रात रचना का प्रेमी सोनू संदिग्ध हालत में घर के आसपास आता-जाता दिखाई दिया, जिसने पूरी मिस्ट्री को सुलझा दिया।
करोड़ों की जमीन बेचकर बच्चों संग भागने की थी कसम
पुलिस के अनुसार, मृतक किसान सचिन के पास गांव में अपनी करीब नौ बीघा पुश्तैनी जमीन थी, जिसकी बाजार में कीमत करोड़ों रुपये है। इसके अलावा वह करीब 60 बीघा जमीन बटाई (उगाही) पर लेकर खेती करता था। रचना इसी करोड़ों की जमीन को औने-पौने दाम पर बेचकर अपने दोनों बच्चों और प्रेमी सोनू के साथ हमेशा के लिए बागपत से बाहर शिफ्ट होना चाहती थी। पुलिस ने रचना की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया तकिया बरामद कर लिया है।
मर्चेंट नेवी का फर्जी जवान बनकर महिलाओं को ठगता था प्रेमी सोनू
पुलिस की तफ्तीश में फरार आरोपी प्रेमी सोनू को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सोनू बेहद शातिर किस्म का ठग है। वह सोशल मीडिया पर मर्चेंट नेवी (Merchant Navy) की वर्दी वाली फर्जी तस्वीरें पोस्ट कर खुद को बड़ा अधिकारी बताता था। वह इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए भोली-भाली महिलाओं को जाल में फंसाता था, उनसे दोस्ती करता था और मोटी रकम ठगने के बाद उन्हें ब्लॉक कर देता था। इसी जाल में रचना भी फंस गई और प्यार के अंधकूप में गिरकर अपने ही सुहाग की हत्यारिन बन बैठी। फिलहाल सोनू का मोबाइल स्विच ऑफ है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिश दे रही है।



