Haryana

20 किलोमीटर, 17 स्टेशन… गुरुग्राम को एक और मेट्रो की सौगात, कहां से कहां तक दौड़ेगी मेट्रो? देखें रूट मैप

Gurugram Metro Latest News: साइबर सिटी गुरुग्राम के निवासियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है. हरियाणा सरकार शहर में एक नए मेट्रो रूट के विस्तार की योजना पर तेजी से काम कर रही है. सोहना रोड पर एक नया मेट्रो कॉरिडोर बनाने के लिए रूट का पहला प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है. इस नए प्रस्तावित रूट पर कुल 17 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे सोहना रोड और उसके आसपास के लाखों लोगों का सफर बेहद आसान हो जाएगा.

20 किलोमीटर, 17 स्टेशन… गुरुग्राम को एक और मेट्रो की सौगात, कहां से कहां तक दौड़ेगी मेट्रो? देखें रूट मैप

प्रस्तावित योजना के मुताबिक, यह नया मेट्रो रूट लगभग 20 किलोमीटर लंबा होगा. यह रूट भोंडसी से शुरू होकर बादशाहपुर कस्बे से ठीक पहले ही सेक्टर67 की तरफ मुड़ जाएगा. इसके बाद यह रूट वाटिका चौक पर न जाकर साउथ सिटी2 से होते हुए सीधे राजीव चौक पहुंचेगा. इस रूट के तैयार होने से मारुतिकुंज समेत सोहना रोड पर पड़ने वाले तमाम सेक्टरों और गांवों के लोगों को सीधे तौर पर इसका फायदा मिलेगा.

इंटरचेंज और कनेक्टिविटी की खास योजना

यह नया कॉरिडोर ओल्ड गुरुग्राम को सीधे बादशाहपुर और भोंडसी से जोड़ेगा. साथ ही, सुभाष चौक पर इसे ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो लाइन से कनेक्ट किया जाएगा, जिससे यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी.

एक खास बात यह है कि इस नए रूट में सेक्टर5 मेट्रो स्टेशन को शामिल नहीं किया गया है. इसकी वजह यह है कि यहां ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो और भोंडसी से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली प्रस्तावित मेट्रो का बड़ा इंटरचेंज स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है.

राइट्स ने तैयार किया पहला प्रस्ताव

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर इस साल 17 मार्च को हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक अहम बैठक हुई थी. बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भोंडसी से रेलवे स्टेशन तक के इस मेट्रो रूट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस को सौंपा था.

इस योजना के ब्लूप्रिंट और डीपीआर को तैयार करने के लिए करीब 1.41 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई थी. इसी बजट और जिम्मेदारी के तहत राइट्स ने अब सोहना रोड मेट्रो कॉरिडोर का पहला आधिकारिक प्रस्ताव सरकार के सामने पेश कर दिया है. सरकार की इस पहल से गुरुग्राम का ट्रांसपोर्ट सिस्टम और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply