
मृतक की पत्नी नेतल सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर है. वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती है. इंस्टाग्राम पर उसके 42 हजार फॉलोअर्स हैं. सोशल मीडिया के जरिए ही उसकी पहचान ड्राइवर गुमान सिंह से हुई थी.
बाड़मेर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या
Rajasthan Crime News: राजस्थान के बाड़मेर में एक शख्स की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. शख्स का शव सदर थाना इलाके में टांके से मिला था. मृतक की पहचान गरल निवासी तेजाराम भील के रूप में हुई थी. पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि शख्स की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी. पुलिस के मुताबिक तेजाराम की पत्नी नेतल चार बच्चों की मां है.
नेतल सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर है. वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती है. इंस्टाग्राम पर उसके 42 हजार फॉलोअर्स हैं. सोशल मीडिया के जरिए ही उसकी पहचान ड्राइवर गुमान सिंह से हुई थी. वह ज्यादातर गुमान सिंह की टैक्सी में सफर करती थी. इससे दोनों करीब आ गए. दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे.
रास्ते में मिला था पत्नी का प्रेमी
इसी रिश्ते के चलते दोनों ने मिलकर तेजाराम को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले पूरी योजना तैयार की गई थी ताकि किसी को शक न हो. साजिश के अनुसार पत्नी ने घर छोड़कर जाने की बात कहकर अपना फोन बंद कर लिया था. पति उसकी तलाश में निकला तो रास्ते में उसे पत्नी का प्रेमी मिला.
प्रेमी ने घर तक साथ चलने की बात कहकर पहले उसे शराब पिलाई. जब वह नशे में धुत हो गया तो उसे अपनी टैक्सी से करीब 30 किलोमीटर दूर ले गया और मारपीट करने के बाद खेत में बने टांके में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद उसका मोबाइल बंद कर बाहर फेंक दिया. बैग भी वहीं छोड़कर फरार हो गया.
पति-पत्नी के बीच होता था झगड़ा
नेतल का पति तेजाराम बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था और ज्यादातर जालोर के चितलवाना में ही रहता था. इस दौरान तेजाराम को दोनों के अवैध संबंध की भनक लग गई थी. कई बार इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था. तेजाराम, नेतल को गुमान सिंह से दूर रहने के लिए कहता था.
3 जून को नेतल ने तेजाराम को कॉल कर कहा कि वह उससे परेशान हो गई है और अब यहां नहीं रहेगी. वह अपने पीहर जा रही है. इसके बाद नेतल ने अपना फोन बंद कर लिया. वह अपने दो बच्चों को भी साथ ले गई थी.
खेत मालिक के दिखा था शव
जब खेत मालिक टांके के पास पहुंचा तो शव देखकर पुलिस को सूचना दी. जांच के दौरान तेजाराम का मोबाइल स्विच ऑफ मिला. जब उसे चार्ज कर देखा गया तो उस पर कई कॉल आए हुए थे. मोबाइल, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. आरोपी पत्नी को ज्यूडीशियल कस्टडी में भेजा गया है. वहीं प्रेमी को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है. फिलहाल सदर थाना पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.



