IndiaUttar Pradesh

लखनऊ को जाम से मिलेगी राहत! शहीद पथ पर बनेगी 23 KM लंबी एलिवेटेड रोड; राजनाथ सिंह ने की पहल

Lucknow Shaheed Path Elevated Road:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर के सबसे व्यस्त यातायात कॉरिडोर शहीद पथ पर जल्द ही एलिवेटेड रोड निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं. रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शहीद पथ पर एलिवेटेड रोड निर्माण का प्रस्ताव दिया है.

लखनऊ को जाम से मिलेगी राहत! शहीद पथ पर बनेगी 23 KM लंबी एलिवेटेड रोड; राजनाथ सिंह ने की पहल

लखनऊ के इन चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव होगा कम

दरअसल, शहीद पथ राजधानी के पूर्वी, दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. बीते कुछ वर्षों में इस मार्ग पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ गया है. कमता, चिनहट, अहिमामऊ, अर्जुनगंज और अन्य प्रमुख चौराहों पर पीक ऑवर्स के दौरान लंबा जाम आम बात हो गई है. कई बार वाहन चालकों को घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ता है.

23 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी

इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 23 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, यह एलिवेटेड रोड शहीद पथ के ऊपर या उसके समानांतर विकसित की जा सकती है. परियोजना को लेकर NHAI ने प्रारंभिक स्तर पर अध्ययन और प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

LDA तैयार करेगा एलिवेटेड रोड का DPR

परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण को सौंपी जा सकती है. डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना की लागत, डिजाइन, निर्माण मॉडल और समयसीमा को अंतिम रूप दिया जाएगा. एलिवेटेड रोड बनने के बाद शहीद पथ पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा. इससे शहर के पूर्वी और दक्षिणी इलाकों के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा. साथ ही आने वाले वर्षों में बढ़ने वाले यातायात भार को संभालने में भी मदद मिलेगी.

राजधानी में मेट्रो विस्तार और नई सड़क परियोजनाओं के बीच शहीद पथ एलिवेटेड रोड को लखनऊ के भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर की महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकती है और लाखों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply