
बाड़मेर में पानी के टंकी से मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि वारदात को कथित तौर पर पूर्व नियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था।
जिले में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ने मिलकर पूर्व नियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। मामले में आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसके कथित प्रेमी को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में 4 जून को एक खेत में बने पानी के टांके से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान तेजाराम के रूप में हुई थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक तेजाराम को जालौर जिले के सुटाखोई क्षेत्र में मजदूरी के दौरान अपनी पत्नी नेतलदेवी और गुमानसिंह राजपूत निवासी मीठड़ा के बीच कथित संबंधों की जानकारी मिली थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा।
पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर नेतलदेवी अपने बच्चों के साथ बाड़मेर आ गई थी। बाद में तेजाराम भी उसकी तलाश में बाड़मेर पहुंच गया। यहां फिर से तेजाराम, उसकी पत्नी और गुमानसिंह के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद गुमानसिंह और नेतलदेवी ने मिलकर तेजाराम की हत्या की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नौखड़ा-मालपुरा फांटा के पास हुकमाणियों की ढाणी क्षेत्र में स्थित एक खेत के पानी के टांके में फेंक दिया, ताकि मामले को छिपाया जा सके।
बाड़मेर एसपी चुन्नाराम जाट ने बताया कि मामले की जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी गुमानसिंह राजपूत निवासी मीठड़ा और नेतलदेवी पत्नी तेजाराम निवासी गरल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने महिला आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी गुमानसिंह से हत्या की साजिश और वारदात के संबंध में पूछताछ जारी है



