सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक पंजाब नेशनल बैंक ने फिनटेक कंपनी जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज लिमिटेड के साथ मिलकर नया कोब्रांडेड PNBZaggle Credit Card लॉन्च किया है. यह कार्ड वीजा और रुपे दोनों नेटवर्क के विकल्प के साथ उपलब्ध कराया गया है, जिससे ग्राहकों को अधिक सुविधाएं और भुगतान के बेहतर विकल्प मिल सकेंगे.

बैंक का कहना है कि यह कार्ड खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता देते हैं और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाना चाहते हैं.
पर्यावरण के अनुकूल होगा नया कार्ड
पीएनबी ने बताया कि नया क्रेडिट कार्ड पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बायोडिग्रेडेबल सामग्री से बनाया गया है. इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले प्लास्टिक कचरे के प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी.
बैंक का मानना है कि आज के दौर में ग्राहक केवल सुविधाओं ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार उत्पादों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं. इसी सोच के तहत इस कार्ड को डिजाइन किया गया है.
वीजा और रुपे दोनों नेटवर्क की सुविधाएं
PNBZaggle Credit Card में ग्राहकों को दोहरे नेटवर्क का लाभ मिलेगा. वीजा नेटवर्क के जरिए वैश्विक स्तर पर भुगतान और यात्रा संबंधी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी. वहीं, रुपे नेटवर्क के जरिए लाइफस्टाइल बेनिफिट्स और UPI आधारित भुगतान की सुविधा मिलेगी.इससे ग्राहक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के लेनदेन को अधिक आसानी और सुरक्षा के साथ कर सकेंगे.
युवाओं और डिजिटल ग्राहकों पर फोकस
पीएनबी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने कहा कि बैंक युवा और तकनीकप्रेमी ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार नए डिजिटल भुगतान समाधान विकसित कर रहा है. उन्होंने कहा कि भारत में क्रेडिट कार्ड कारोबार के विस्तार की अभी काफी संभावनाएं हैं और जैगल के साथ यह साझेदारी बैंक के कार्ड व्यवसाय को नई मजबूती देगी.
ग्राहकों के लिए बेहतर वित्तीय उत्पाद लाने की तैयारी
जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज के प्रबंध निदेशक और सीईओ अविनाश रमेश गोडखिंडी ने कहा कि पीएनबी के साथ यह साझेदारी कंपनी की विकास रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसके जरिए ग्राहकों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक वित्तीय उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह नया कार्ड डिजिटल भुगतान को और बढ़ावा देगा.


