IndiaUttar Pradesh

प्रयागराज: 47 परीक्षा केंद्र… 23 हजार से अधिक आज देंगे NEET UG एग्जाम; सेंटर में कैसे मिलेगी एंट्री?

NEET UG 2026 ReExam: देश भर में आज आयोजित की जाने वाली नीट यूजी 2026 रीएग्जाम को लेकर यूपी के प्रयागराज जिले के 47 परीक्षा केंद्रों बनाए गए हैं, जहां कुल करीब 23 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे. एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक ही पाली में होगा. परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं.

प्रयागराज: 47 परीक्षा केंद्र… 23 हजार से अधिक आज देंगे NEET UG एग्जाम; सेंटर में कैसे मिलेगी एंट्री?

पेपर लीक और नकल की आशंकाओं को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त बनाया गया है. प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच पैरामिलिट्री फोर्स की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय गतिविधियों को रोका जा सके.

कैसे मिलेगी केंद्र में एंट्री?

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा. बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, एमडिट कार्ड और आधिकारिक पहचान पत्रों की जांच के बाद ही कैंडिडेट को एग्जाम सेंटर में एंट्री दी जाएगी. वहीं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है.

एग्जाम सेंटर्स पर रहेगी STF की नजर

नकल माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए स्थानीय खुफिया इकाई सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. वहीं उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स भी पूरे परीक्षा तंत्र पर पैनी नजर बनाए हुए है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल के प्रयास पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी.

परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्रीय विद्यालय न्यू कैंट के प्रधानाचार्य को जिले का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. उनके नेतृत्व में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है.

परीक्षा केंद्रों पर रहेंगी ये व्यवस्थाएं

प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा है. दूरदराज से आने वाले छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं. प्रशासन का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराया जाएगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply