
दिल्ली के जैतपुर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान नशे में धुत एक पिता ने अपने दो वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
नशे में ‘नर पिशाच’ बना बाप, मां के सामने ही 2 साल के बेटे की जमीन पर पटक कर की हत्या; 7 दिन बाद था मासूम का जन्मदिन | Image: X
दिल्ली के जैतपुर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान नशे में धुत एक पिता ने अपने दो वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पिटाई वाली वारदात 19 जून की बताई जा रही है। आरोपी पिता चंदन शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक बच्चा आगामी 29 जून को 2 साल का होने वाला था।
पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, 34 वर्षीय चंदन शर्मा पत्नी आरती और दो बच्चों के साथ मिठापुर की लखपत कॉलोनी पार्ट-2 में रहता है। आरोपी चंदन मूलरूप से बिहार के गया का रहने वाला है। वह बढ़ई का काम करता है और शराब का आदी है। आरती से 2021 में उसकी शादी हुई थी। उसकी चार साल की एक बेटी भी है।
7 दिन बाद था बच्चे का जन्मदिन
घटना 19 जून दोपहर की है। वह नशे की हालत में घर पहुंचा। शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने दोनों बच्चों के साथ भी हिंसा की और दो वर्षीय बेटे जयराज को बुरी तरह पीटा। 29 जून को उसका जन्मदिन आने वाला था। इसे लेकर तैयारियां भी चल रहीं थी, लेकिन वारदात से खुशियां मातम में बदल गई हैं।
मृतक बच्चे की मामी ने क्या बताया
मृतक बच्चे कि मामी प्रियंका शर्मा ने बताया कि हम लोगों को सूचना मिली थी कि मेरे ननद के पति मेरे ननद के साथ मारपीट करते है। इसलिए हम लोग यहां पर बिहार से चलकर इन्हें लेने के लिए आ रहे थे। जब हम लोग अलीपुर पहुंचे तो पता चला कि इनके साथ मारपीट की गई है और उनके बच्चे की हत्या कर दी गई है।
हमेशा शराब पीकर यह मारपीट किया करता था, जिसकी वजह से मेरी ननद परेशान रहती थी। अब दो वर्षीय बेटे की जमीन पर पटकने से सर पर चोट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। हम लोग चाहते हैं कि ऐसे अपराधी पिता को कड़ी से कड़ी सजा मिले।



