
महाराष्ट्र के सांगली में कुछ कैफे विवादों में हैं. आरोप है कि यहां किराए पर प्राइवेट केबिन दिए जाते थे. जांच में इस्तेमाल किए गए कंडोम मिलने और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं.
Sangli Cafe Controversy: महाराष्ट्र के सांगली से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां कुछ समय से रेप की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही थी, जिसके बाद कुछ कैफे को जांच के घेरे में लिया गया. आरोप है कि कैपे में कपल्स को एक प्राइवेट केबिन दिया जाता था, जिसका किराया 300 से 800 तक होता है. संगठन ने दावा किया है कि डस्टबिन से कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियां भी मिली हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रेप की शिकायत के बाद सामने आया मामला
ये पूरा मामला तब सामने आया जब एक युवती ने विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में रेप की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद स्थानीय संगठन ‘शिव प्रतिष्ठान युवा हिंदुस्तान’ ने शहर के कैफे पर सवाल उठाए. संगठन ने दावा किया कि सांगली में कुछ कैफे ऐसे हैं, जो केवल चाय-कॉफी नहीं बल्कि कुछ और ही परोस रहे हैं. यहां कपल्स को प्राइवेट केबिन दिए जाते हैं. जिनका किराया कथित तौर पर 300 से 800 रुपए प्रति घंटा होता है. इतना ही नहीं, संगठन के कार्यकर्ताओं ने कुछ कैफे की जांच-पड़ताल भी की है. उन्होंने दावा किया कि डस्टबिन में इस्तेमाल किए गए कंडोम और गर्भनिरोधक की गोलियां भी मिलीं. इन दावों के बाद शहर में कैफे क्लचर को लेकर बहस देखने को मिल रही है.
‘कैफे’ की आड़ में गंदा खेल
संगठन ने कहा कि कुछ कैफे में कैमरे के एंगल इस तरह से लगाए गए थे, जिनका इस्तेमाल वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए किया जाता था. कुछ लोग मोबाइल पर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे और धमकी देकर युवतियों का शोषण किया जाता था. हालांकि, फिलहाल इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है. मामले की जांच की जा रही है. संगठन पहले भी शहर के कैफे क्लचर को लेकर सवाल करता रहा है. संगठन ने दावा किया कि उन्होंने इस मुद्दे को प्रशासन और सरकार के सामने कई बार रखा है. हाल ही में उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रकांत पाटिल से भी इस मामले पर बात की थी.
संगठन ने कैफे कल्चर पर उठाए सवाल
संगठन का कहना है कि कुछ समय के लिए ऐसी गतिविधियां बंद हो गई थीं, लेकिन बाद में फिर से शुरू हो गईं. रेप की शिकायत सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं ने कई कैफे की जांच की और पुलिस को शिकायत दी. इसके बाद कैफे संचालकों, प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे. विश्रामबाग पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुधीर भालेराव ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है. पुलिस सभी सबूत जुटाकर आगे की कार्रवाई करेगी. वहीं, ‘शिव प्रतिष्ठान युवा हिंदुस्तान’ के अध्यक्ष नितिन चौगुले ने मांग की है कि शहर के सभी ऐसे कैफे की जांच हो और अगर कोई गैरकानूनी काम मिलता है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए.



