Bijnor Rape Case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. शहर कोतवाली परिसर में रविवार देर रात एक दुष्कर्म पीड़िता ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास कर लिया. आग की लपटों में घिरी महिला सीधे कोतवाली प्रभारी के कक्ष की ओर दौड़ पड़ी, जिससे कोतवाली में हड़कंप मच गया. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी.

किरतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय महिला रेसलर ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में दो FIR दर्ज कराई थी. आरोपी युवक सेना में सिपाही बताया जा रहा है. पुलिस ने मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी थी, लेकिन आरोपी ने हाईकोर्ट से अरेस्टिंग ले लिया. इसी बात को लेकर पीड़िता और उसके परिजन लंबे समय से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
पहुंची कोतवाली और लगा ली आग
रविवार रात करीब 11 बजे तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कोतवाली परिसर में मौजूद एक पुलिसकर्मी ट्विंकल से बातचीत के बाद युवती ने अचानक अपनी बोतल से खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगा ली. आग लगते ही वह चीखती हुई सीधे कोतवाली इंस्पेक्टर अमर सिंह राठौड़ के चैंबर की तरफ दौड़ी. कमरे में इधरउधर भागने के कारण चैंबर के पर्दों में भी आग लग गई. इस अप्रत्याशित घटना से पूरी कोतवाली छावनी में तब्दील हो गई.
70 फीसदी झुलस गई युवती
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई और महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार महिला करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गई है.
अपर पुलिस अधीक्षक को सौंप गई जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, लेकिन उसे उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी पर राहत मिली हुई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंप दी गई है. इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.



