भीलवाड़ा: शाहपुरा थाना क्षेत्र के कादिसहाना गांव में एक विवादित घटना ने ग्रामीणों के बीच हंगामा खड़ा कर दिया. मामला उस समय सुर्खियों में आया, जब एक युवक ने खेत को नुकसान पहुंचाने वाले सांड को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटा और गांव के बाहर छोड़ दिया. यह पूरा घटनाक्रम किसी कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.
गांववालों ने दी “तुगलकी सजा”
वीडियो वायरल होने के बाद गांव के कुछ लोगों ने युवक को सार्वजनिक तौर पर सजा दी. उसे चौराहे पर खड़ा कर कान पकड़वाकर माफी मंगवाई, उसे मुर्गा बनाकर पूरे गांव में घुमाया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद शाहपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. शाहपुरा एडिशनल एसपी राजेश आर्य ने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने अपने खेत को नुकसान पहुंचा रहे सांड को ट्रैक्टर से बांधकर गांव के बाहर छोड़ दिया था. इस कार्रवाई से कुछ ग्रामीण नाराज हो गए और घटना का विरोध किया.
शिकायत दर्ज, वीडियो फुटेज से जांच
एसपी राजेश आर्य ने कहा कि शाहपुरा थाने में परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट में करीब 7 नामजद आरोपियों के साथ ही अन्य के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है.
ग्रामीणों का कहना
गांव के लोग गोवंश की रक्षा को अपना धर्म बताते हुए मानते हैं कि कानून को अपने हाथ में लेना गलत है. पुलिस ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों को उचित सजा दिलाई जाएगी.



