
Chhattisgarh Crime: छत्तीसगढ़ में एक महिला की अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी, फिर शव को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दिया.
Chhattisgarh Blind Murder Case: पूंजीपथरा पुलिस ने 2 दिन पूर्व तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर मिली अधेड़ महिला की जली हुई लाश के मामले का खुलासा कर लिया है और इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान और अज्ञात आरोपी तक पहुंचना था, जिसे पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक और मानवीय सूचना तंत्र के समन्वय से सुलझा लिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 17 जून को मायाराम सालिकराम क्रेशन के पास तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक अधेडड महिला का जला हुआ शव मिला था.
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
शव के आसपास घसीटने के निशान भी मिले थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को मरच्युरी में सुरक्षित रखवा लिया था और घटनास्थल से मिले कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए थे.
मृतका की हुई पहचान
पुलिस की जांच में जानकारी मिली कि लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाला इमिलीयूस तिग्गा और उसके साथ रहने वाली महिला कुछ दिनों से गायब हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो और वीडियो देखकर ग्राम बोरो, जिसा जशपुर से 2 युवक पहुंचे, जिन्होंने घटनास्थल से बरामद कपड़ों और शव की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का के रूप में की. उन्होंने बताया कि मृतका पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करती थी.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने संदेही इमिलीयूस तिग्गा के संबंध में जानकारी जुटाकर तत्काल पूंजीपथरा पुलिस टीम जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से एनआर फेरो प्लांट तुमीडीह में मजदूरी करता था. करीब तीन माह पूर्व उसकी पहचान मां शिवा प्लांट में काम करने वाली मंगरिता एक्का से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया और वे पति-पत्नी की तरह पूंजीपथरा के लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे.
महिला की गला घोंटकर की हत्या, फिर शव को जलाया
आरोपी ने बताया कि मृतका अक्सर उस पर दूसरी पत्नी रखने का शक कर विवाद करती थी. 17 जून को मंगरिता एक्का घर जाउंगी कहकर थैला में कुछ कपड़ा, पानी की बोतल लेकर निकल गई. इमिलीयूस तिग्गा भी मकान मालिक को 2-3 दिन के लिए गांव जाने का कहकर महिला के पीछे निकल गया. रास्तें में दोनों महुआ पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहे थे कि पिछली बातों को लेकर विवाद बढ़ने पर इमिलीयूस ने मंगरिता की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया और पास के पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर शाम को शव को घसीटकर क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले गया तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से पेट्रोल डालकर आग लगा दी.



