CricketIndia

Sanju Samson ने की क्रिकेट-टेनिस के दिग्गजों की तुलना, कहा- MS Dhoni में दिखते हैं Roger Federer

विंबलडन से पहले क्रिकेट और टेनिस के बीच समानता पर बात करते हुए भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तुलना टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर से की और विराट कोहली के आक्रामक अंदाज की तुलना स्पेन के स्टार कार्लोस अल्कारेज से की।
दुनिया के बेहतरीन टेनिस स्टार विंबलडन के लिए तैयार हो रहे हैं और ऐसे में सैमसन ने टेनिस और क्रिकेट के दिग्गजों के बीच तुलना की।

Sanju Samson ने की क्रिकेट-टेनिस के दिग्गजों की तुलना, कहा- MS Dhoni में दिखते हैं Roger Federer

सैमसन ने ‘जियो स्टार’ से कहा, ‘‘क्रिकेट के रोजर फेडरर? वह महेंद्र सिंह धोनी ही हो सकते हैं। वह अपने काम को बहुत शांत और संयमित तरीके से करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर कार्लोस अल्कारेज बहुत आक्रामक हैं। ठीक वैसे ही जैसे विराट भाई ने शुरुआत की थी। शायद विराट कोहली की तुलना अल्कारेज से की जा सकती है।’’
भारत की महिला टीम ने अपना पहला एकदिवसीय विश्व कप जीतकर इतिहास रखा था और इसके कुछ ही महीनों बाद पुरुष टीम ने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीता।

टी20 विश्व कप में लगातार तीन मैच में 50 से अधिक रन बनाने वाले सैमसन को भारत की खिताबी जीत के दौरान टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और उन्होंने कहा कि महिला टीम की कामयाबी ने पुरुषों को प्रेरित किया।
सैमसन ने कहा, ‘‘हम सभी फाइनल देख रहे थे। मेरे परिवार के सदस्य और बाकी सभी लोग टीवी से चिपके हुए थे। यह देश में हम सभी के लिए एक खास पल था। हम लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पता था कि हम विश्व कप जीतने में सक्षम हैं। मैं टीम की सभी खिलाड़ियों के लिए बहुत खुश था। इसके पीछे बहुत मेहनत थी। यह हम सभी के लिए गर्व का पल था।’’

सैमसन ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारे लिए बहुत ऊंचे मानक तय किए गए थे। उन्होंने विश्व कप जीता और हमें ऐसे मुकाम पर पहुंचाया जहां हमें लगा कि हम भी भारत में ऐसा ही कर सकते हैं। यह बहुत शानदार पल था कि दोनों विश्व कप भारत में हुए और हमने उन्हें जीता।’’
भारतीय महिला टीम अभी इंग्लैंड में टी20 विश्व कप खेल रही है और उसका अगला मुकाबला छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply