सुपौल : नगर परिषद सुपौल के वार्ड नंबर 01, बलवा पुनर्वास स्थित एक आवास को निशाना बनाते हुए नकदी के साथ-साथ लाखों के जेवरात व कीमती कपड़े ले उड़ा चोर. जिस कमरे में गृहस्वामी की पत्नी सोई हुई थी उसके ठीक सटे कमरे के ताला को चोरों ने काट दिया और सारा माल ले नौ दो ग्यारह हो गया.
घटना दिनेश कुमार के घर घटी. उनकी पत्नी कुमारी आशा ने बताया कि उनके पति सिंहेश्वर मंदिर पूजा करने के लिए गए थे. अधिक ठंड रहने के कारण वे वहीं एक संबंधी के यहां रुक गए. रात में मैं अकेले घर पर थी. रात में खाना खाकर मुख्य दरवाजे सहित अन्य कमरों के गेट में ताला लगा अपने कमरे में सो गई.
सुबह जब सोकर उठी तो मेरे कमरे का दरवाजा नहीं खुला. काफी मशक्कत करने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की खोलकर पड़ोसी को आवाज दी. तब पड़ोसी दीवार फांदकर अंदर आया तो देखा कि मेरे कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है. जब उसने मेरे दरवाजे को खोला और मैं बाहर निकली तो पाया कि बगल का कमरा खुला है और कमरे का ताला काटा हुआ था.
कमरे में रखा सारा सामाना यत्र-तत्र फेंका हुआ था. जब कमरे का मुुआयना किया तो नकदी, जेवरात व कीमती कपड़े गायब थे.आस-पड़ोस के लोगों ने बताया कि एक बक्सा बगल के बांस बाड़ी में टूटा पड़ा हुआ है. इधर गृहस्वामी ने बताया कि चोरों ने अस्सी से पचासी हजार नकद, लगभग पांच लाख के जेवरात व डेढ़ से दो लाख की कीमती साड़ी व अन्य कपड़े की चोरी कर ली. सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है. फिलहाल पुलिस अंधेरे में तीर चला रही है.



