IndiaUttar Pradesh

बरेली जेल से फरार हुआ उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी… सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, तलाश में जुटीं चार टीमें

Bareilly News: उत्तर प्रदेश में बरेली के इज्जतनगर स्थित सेंट्रल जेल से सोमवार दोपहर एक कैदी के फरार होने की घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. सुरक्षा व्यवस्था के बीच कैदी के जेल से बाहर निकल जाने की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार कैदी की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है.

बरेली जेल से फरार हुआ उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी… सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, तलाश में जुटीं चार टीमें

जानकारी के मुताबिक, फरार कैदी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद के रूप में हुई है. वह अमरोहा जिले के नेनेडा राजपूत गांव, थाना डिडौली क्षेत्र का रहने वाला है. दिनेश पिछले करीब छह साल से बरेली सेंट्रल जेल में बंद था और उम्रकैद की सजा काट रहा था. उसे बिजनौर जनपद में दर्ज पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में अदालत ने दोषी मानते हुए सजा सुनाई थी.

दोपहर में हुई घटना

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल परिसर के अंदर नियमित गतिविधियों के दौरान कैदी के गायब होने की जानकारी सामने आई. शुरुआती स्तर पर जब जेल प्रशासन ने कैदियों की मौजूदगी का मिलान कराया तो एक कैदी कम पाया गया. इसके बाद पूरे जेल परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कैदी का पता नहीं चल सका.

मामले की सूचना तत्काल पुलिस और उच्च अधिकारियों को दी गई. इसके बाद जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी. आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

जेल सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. आखिर इतनी निगरानी और सुरक्षा के बीच एक सजायाफ्ता कैदी कैसे फरार हो गया, इसे लेकर जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं.

सूत्रों के अनुसार जेल के भीतर मौजूद सुरक्षा इंतजाम, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका और कैदी की गतिविधियों की भी समीक्षा की जा रही है. जरूरत पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा सकती है.

फरार कैदी की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें फरार कैदी की तलाश में लगातार लगी हुई हैं. आसपास के जिलों को भी सूचना भेजी गई है ताकि कैदी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और तलाश अभियान के आधार पर की जाएगी.

पूरे मामले में बरेली के थाना इज्जनगर के थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया है कि एक कैदी की फरार होने की सूचना मिली थी. मौके पर पुलिस पहुंची और थाना में एफआईआर दर्ज की गई है और चार टीमों के लिए गठित किया गया है जल्दी कैदी के लिए गिरफ्तार किया जाएगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply