
नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज़): भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन और भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने शिवसेना (यूबीटी) सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की टिप्पणी और पंजाब में भाजपा की संभावनाओं सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रियाए दी।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के पानी के लिए भारत से युद्ध करने वाले बयान पर शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “पाकिस्तान गीदड़भभकी देता रहता है और भारत को जो करना है, वह करेगा। भारत में एक सक्षम प्रधानमंत्री और एक मजबूत सरकार है। हमारा पानी वहां (पाकिस्तान) जाए और वह बदले में खून बहाए, यह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।”
असदुद्दीन ओवैसी द्वारा गृहमंत्री अमित शाह से राजस्थान में मस्जिदों के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने की मांग पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “अगर कोई भी धार्मिक स्थल अवैध जगह पर बना होगा तो कार्रवाई होगी। सिर्फ मस्जिद तोड़े जाने की बात कहना सही नहीं है। वैध जगहों पर बने धर्म स्थलों को सरकार नहीं हटाती।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पंजाब में सरकार बनाने वाले बयान पर शाहनवाज हुसैन ने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष का पंजाब दौरा बहुत सफल रहा है। वहां का उत्साह देखते हुए उन्होंने दावा किया है कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। पंजाब के लोगों ने कांग्रेस, आप और अकाली दल की सरकार के शासन को देख लिया है, इसलिए अब बदलाव के साथ विकास देखना चाहते हैं। इस बार पंजाब की जनता भाजपा की सरकार बनाना चाहती है।”
शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने पर भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा, “सांसदों को लगा होगा कि पार्टी के नेतृत्व का कोई भविष्य नहीं है। राजनीति में जब कार्यकर्ता और पदाधिकारी आशाविहीन हो जाते हैं, तब वह स्थायी ठिकाना खोजते हैं। पश्चिम बंगाल में जब तृणमूल कांग्रेस हारी तो पार्टी में भगदड़ मच गई।”
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा, “पंजाब के लोग वर्तमान सरकार से ऊब चुके हैं। दिल्ली की तरह पंजाब में भी आप सरकार कोई काम नहीं कर रही है। पंजाब में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है, इसलिए वहां के लोग भाजपा को उम्मीद के तौर पर देख रहे हैं।
बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर तेजस्वी यादव दिए गए बयान पर विवेक ठाकुर ने कहा, “तेजस्वी यादव और लालू यादव अगर कानून व्यवस्था पर बात करना हास्यपद है। इन लोगों को कानून व्यवस्था पर बोलने का कोई औचित्य नहीं है। बिहार में सरकार ने सुशासन कायम किया है।”


