
पुलिस के मुताबिक उल्लास गौड़ा नाम का युवक लड़की को पसंद करता था. उसने शादी के लिए भी प्रपोज किया था, जिसे उसने इनकार कर दिया था. लड़की की सगाई हो चुकी थी और आज 24 जून को शादी होने वाली थी.
Karnataka Crime News: कर्नाटक के मैसूर जिले से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से तीन दिन पहले होने वाली दुल्हन और उसके माता-पिता ने अपनी जान दे दी. जानकारी के अनुसार घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. पूरा परिवार बेटी की शादी के लिए जुटा हुआ था. इस बीच लड़की के मंगेतर को एक युवक ने उसकी प्राइवेट तस्वीरें भेज दीं.
लड़की की प्राइवेट तस्वीरें मिलते ही उसकी जिस घर में शादी होनी थी, वहां विवाद शुरू हो गया. मंगेतर के साथ भी लड़की की कहासुनी हुई. इसी पूरे मामले को लेकर लड़की और उसके माता-पिता तनाव में थे. ऐसे में बीते सोमवार को लड़की और उसके माता-पिता ने जान दे दी.
लड़की को पसंद करता था एक युवक
पुलिस के मुताबिक उल्लास गौड़ा नाम का युवक लड़की को पसंद करता था. उसने शादी के लिए भी प्रपोज किया था. उल्लास लड़की को परेशान करता रहा. उसने लड़की की मां और पिता पर भी दबाव डाला. लेकिन, लड़की और उसके परिजनों ने उसका प्रपोजल साफ ठुकरा दिया था.
उल्लास इसी बात से नाराज था. लड़की की सगाई हो चुकी थी और आज 24 जून को शादी होने वाली थी. 21 जून की रात लड़की के माता-पिता ने उल्लास और उसके माता-पिता को अपने घर बुलाया और समझाया भी था. साथ ही उन्होंने उसके मोबाइल से लड़की से जुड़ी कुछ प्राइवेट तस्वीरें और मैसेज डिलीट करवाए थे.
युवक ने अपने पास रख ली थीं कुछ तस्वीरें
इसके बाद भी उल्लास ने कुछ तस्वीरें अपने पास रख ली थीं. घर लौटने के तुरंत बाद उसने कथित तौर पर वे तस्वीरें लड़की के मंगेतर को भेज दीं. इससे दूल्हा और उसका परिवार भड़क गया. वे लोग तुरंत दुल्हन के घर पहुंच गए और मामला बढ़ता चला गया. रिश्ता टूटने के बीच दुल्हन और उसके परिजन तनाव में आ गए.
लड़की और उसके माता-पिता ने अपने घर पर कथित तौर पर जहर खा लिया. पुलिस ने कहा कि परिवार ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए उल्लास को जिम्मेदार ठहराया. पुलिस ने उसके खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है. घटना के बाद से वह फरार है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.



