
राजस्थान : राजस्थान के अजमेर में पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर शहर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 57 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया जा चुका है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद चांद खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह बांग्लादेश के ढाका जिले के कुमरजानी क्षेत्र का निवासी है। वह अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुआ था और गुवाहाटी तथा दिल्ली के रास्ते अजमेर पहुंचा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अजमेर दरगाह क्षेत्र के आसपास कुछ विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान मोहम्मद चांद खान संदिग्ध पाया गया और वह भारत में रहने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में उसने अपनी वास्तविक पहचान और बांग्लादेश से आने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह पहले दिल्ली में रह चुका था और बाद में जयपुर होते हुए अजमेर पहुंचा। यहां वह जीविका चलाने के लिए भीख मांग रहा था।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि वह भारत में कब और किन माध्यमों से आया तथा यहां किन लोगों के संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को अलवर स्थित डिटेंशन सेंटर भेजा जाएगा। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उसे बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
अजमेर पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अकेले भारत आया था या उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं।



