
Image Credit source: X/@gharkekalesh
इंटरनेट पर आए दिन कोई न कोई ऐसा वीडियो वायरल हो जाता है, जिसे देखकर आंखें फटी की फटी रह जाती हैं. ऐसा ही एक बेहद चौंकाने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से सामने आया है. यहां शराब के नशे में धुत एक शख्स हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गया और तारों के बीच जाकर आराम से लेट गया. इस नजारे को देखकर पूरे गांव की सांसें अटक गईं.
यह हैरान करने वाली घटना महाराजगंज के परसा खुर्द गांव की है. मंगलवार की शाम को गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब दीन दयाल नाम का एक व्यक्ति शराब के नशे में चूर होकर सीधे 11,000 वोल्ट के बिजली के खंभे पर चढ़ गया. वह सिर्फ चढ़ा ही नहीं, बल्कि हाई-टेंशन तारों के ऊपर जाकर ऐसे लेट गया जैसे अपने घर के बेड पर सोया हो. जैसे ही ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, पूरे इलाके में दहशत फैल गई. देखते ही देखते खंभे के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उस शख्स की किस्मत अच्छी थी क्योंकि उसके खंभे पर चढ़ने से कुछ ही देर पहले किसी वजह से बिजली कटी हुई थी. अगर तारों में करंट दौड़ रहा होता, तो पल भर में उसकी जान जा सकती थी.
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन!
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है. लोग इस वीडियो को देखकर हैरान हैं और कमेंट्स में लिख रहे हैं कि इसे कहते हैं मौत को छूकर टक से वापस आना. इंटरनेट पर इस ‘शराबी स्पाइडरमैन’ की खूब चर्चा हो रही है.



