Passport Fee Rise: देश में पासपोर्ट को लेकर चल रहीं चर्चाओं के बीच विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट की फीस बढ़ा दी है. नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी, यानी जुलाई से नया पासपोर्ट बनवाना हो या पुराना दोबारा बनवाना हो, अब पहले के मुकाबले महंगा पड़ेगा.

कितनी बढ़ी पासपोर्ट बनवाने की फीस?
अब तक 36 पेज वाला आम पासपोर्ट बनवाने या रिन्यू कराने पर 1500 रुपए लगते थे. नई दर में यही फीस 2500 रुपए हो गई है. 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए पहले 2000 रुपए देने पड़ते थे, अब 3500 रुपए देने होंगे.
अगर पासपोर्ट खो जाए या खराब हो जाए और नया बनवाना पड़े तो खर्च और बढ़ गया है. 36 पेज वाले ऐसे पासपोर्ट की फीस 3000 रुपए से बढ़कर 5000 रुपए हो गई है. 60 पेज वाले के लिए यह 3500 रुपए से बढ़कर 6000 रुपए हो गई है.
तत्काल में और ढीली होगी जेब
जल्दी पासपोर्ट चाहिए तो तत्काल का खर्च भी बढ़ा है. 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए तत्काल फीस पहले 3500 रुपए थी, अब 5000 रुपए होगी. 60 पेज वाले के लिए यह 4000 रुपए से बढ़कर 6000 रुपए हो गई है. ध्यान रहे तत्काल की यह फीस आम फीस को मिलाकर है.
बच्चों के पासपोर्ट पर भी असर
18 साल से कम उम्र के बच्चों के 36 पेज वाले पासपोर्ट की फीस अब 1000 रुपए से बढ़ाकर 1750 रुपए कर दी गई है. बच्चे का पासपोर्ट खोने या खराब होने पर नया बनवाने का खर्च 2000 रुपए से बढ़कर 4250 रुपए हो गया है.
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट भी महंगा
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट, सरेंडर सर्टिफिकेट या ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम जैसी सेवाओं की फीस अब 500 रुपए से बढ़ाकर 750 रुपए कर दी गई है.
किसे मिलेगी छूट?
सरकार ने कुछ लोगों को राहत भी दी है. 8 साल तक के बच्चों और 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को नए पासपोर्ट की फीस में 10 फीसदी की छूट मिलेगी. यह छूट सिर्फ नए पासपोर्ट पर है दोबारा बनवाने यानी रिइश्यू पर नहीं.
वैधता में कोई बदलाव नहीं
फीस भले बढ़ी हो पासपोर्ट की वैधता पहले जैसी ही रहेगी. बड़ों का पासपोर्ट दस साल तक चलेगा. बच्चों का पासपोर्ट पांच साल तक या उनके 18 साल के होने तक जो भी पहले हो मान्य रहेगा. विदेश में रहने वालों के लिए डॉलर में तय फीस भी इसी हिसाब से बढ़ाई गई है.



