सरे : कनाडा के सरे शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक रिहायशी इलाके में स्थित घर पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने के आरोप में पुलिस ने पंजाबी मूल के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सरे पुलिस सर्विस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कनाडा के क्रिमिनल कोड के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान 21 वर्षीय अरमान सिंह और 22 वर्षीय सिमरजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है, जहां उनसे इस गंभीर मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।

सुबहसुबह रिहायशी इलाके में की फायरिंग
सरे पुलिस द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह वारदात 11 जून की सुबह हुई थी। सुबह करीब 6 बजे पुलिस की फ्रंटलाइन टीमों को सूचना मिली कि 96 एवेन्यू और 133A स्ट्रीट के पास स्थित एक घर को निशाना बनाकर कुछ देर पहले फायरिंग की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सघन जांच शुरू की। पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि अंधाधुंध फायरिंग से घर के बाहरी हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि गोलीबारी के वक्त घर के अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।
छापेमारी में 4 लोग पकड़े गए, एक्सटॉर्शन रिस्पांस टीम कर रही जांच
इस हाईप्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा ‘एक्सटॉर्शन रिस्पांस टीम’ को सौंपा गया। मेजर क्राइम सेक्शन की शुरुआती जांच के बाद, एक्सटॉर्शन टीम ने संदिग्धों और उनसे जुड़े दो ठिकानों की पहचान कर ली। इसके बाद 12 जून को सर्च वारंट हासिल किए गए और पुलिस की कई विशेष टीमों व ‘कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी’ ने मिलकर छापेमारी की। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से अरमान और सिमरजीत पर लापरवाही से हथियार चलाने का सीधा चार्ज लगाया गया है, जबकि अन्य दो लोगों पर अभी कोई चार्ज नहीं लगा है लेकिन वे CBSA की हिरासत में ही हैं।
विदेशी नागरिक हैं आरोपी, 29 जून को होगी कोर्ट में पेशी
सरे पुलिस ने इस बात की भी पुष्टि की है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी विदेशी नागरिक हैं और इसीलिए मामले में बॉर्डर एजेंसी को भी शामिल किया गया है। इन दोनों आरोपियों को अब 29 जून 2026 को अदालत में पेश किया जाएगा। इसके अलावा, मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने अरमान सिंह और सिमरजीत सिंह की तस्वीरें भी सार्वजनिक कर दी हैं। पुलिस ने आम जनता, स्थानीय लोगों और पीड़ितों से विशेष अपील की है कि अगर उनके पास इन आरोपियों या हिंसक जबरन वसूली से जुड़े किसी भी आपराधिक नेटवर्क के बारे में कोई जानकारी है, तो वे बेझिझक पुलिस के सामने आएं और जांच में सहयोग करें।



