CrimeIndia

‘वह सो रही है…’ कहकर छिपाई बेटी की हत्या, मां की साजिश ऐसे आई सामने; रोने पर रेत दिया था गला

Bettiah News: बिहार के बेतिया से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मां ममता को कलंकित करते हुए अपनी ही छह महीने की बेटी की हत्यारिन बन गई. घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ा गोपालपुर वार्ड नंबर8 की है, जहां गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे लगातार रो रही मासूम बेटी के चुप न होने पर गुस्साई मां ने घर में रखे फहसुल से उसका गला रेत दिया. इतना ही नहीं वारदात को छिपाने के लिए आरोपी मां ने खुद के गले पर भी वार किया और खून पोंछकर दुपट्टा लपेट लिया. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

‘वह सो रही है…’ कहकर छिपाई बेटी की हत्या, मां की साजिश ऐसे आई सामने; रोने पर रेत दिया था गला

लगातार रोने पर भड़का मां का गुस्सा

मृतक बच्ची की पहचान सुनील दास की 6 महीने की बेटी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. पूछताछ में सामने आया कि गुरुवार दोपहर 2 बजे से मासूम पूजा लगातार रोए जा रही थी. 25 वर्षीय मां सीमा देवी उसे चुप कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन जब बच्ची चुप नहीं हुई तो सीमा का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने आव देखा न ताव, घर में रखे फहसुल से बच्ची की गर्दन पर वार कर दिया. आधा गला कट जाने के कारण मासूम ने मौके पर ही तड़पतड़प कर दम तोड़ दिया.

खुद की गर्दन पर भी चलाया फहसुल

बच्ची की जान लेने के बाद सीमा ने खुद की गर्दन पर भी फहसुल चला लिया, लेकिन दर्द होने के कारण वह रुक गई. इसके बाद उसने शातिराना ढंग से गर्दन से खून पोंछा और गले पर दुपट्टा लपेट लिया, ताकि किसी को उसकी इस खौफनाक करतूत का पता न चल सके.

‘वह सो रही है…’ दादी से बोला झूठ, ऐसे खुला राज

घटना के समय बच्ची की दादी सुरसती देवी बैशखवा बाजार गई हुई थीं. जब वह लौटकर आईं और पोती के बारे में पूछा तो सीमा ने ठंडे दिमाग से झूठ बोल दिया कि वह सो रही है. इसके बाद दादी खेत की तरफ चली गईं. शाम को जब वह वापस लौटीं तो पूरे गांव में बच्ची की मौत को लेकर होहल्ला मचा हुआ था. भागकर घर पहुंची दादी ने जब बिछावन पर मासूम को खून से लथपथ देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने रात करीब 8 बजे तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.

सूचना मिलते ही रात 9 बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. बिछावन से बच्ची का शव बरामद किया गया. पुलिस ने आरोपी मां सीमा देवी को हिरासत में लेकर चनपटिया सीएचसी पहुँचाया, जहां उसके गले के जख्म पर 4 टांके लगाए गए. शुक्रवार सुबह दादी सुरसती देवी के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी माँ को जेल भेजा जा रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल फहसुल और खून से सनी चादर को जब्त कर लिया है.

गोपालपुर थाना अध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. प्रथम दृष्टया आरोपी महिला मानसिक रूप से कमजोर लग रही है. उसे कड़ी सुरक्षा में रखा गया है और महिला पुलिस कर्मियों को उसकी काउंसलिंग और निगरानी में लगाया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply