Ram Mandir Donation Row: अयोध्या राम मंदिर से चंदा चोरी मामले में आरोपियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया है। पुलिस ने जिन 8 आरोपियों को अरेस्ट किया था, कोर्ट ने उन्हें तीन दिन यानी सोमवार तक की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। फैजाबाद कोर्ट के सामने पुलिस ने आरोपियों की कस्टडी मांगी थी।

सबी आरोपियों को मजिस्ट्रेट निवेदित के सामने पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने पुलिस को सभी 8 आरोपियों की कस्टडी सौंपी है। वहीं सोमवार को पुलिस आरोपियों को फिर से कोर्ट में पेश कर सकती है और पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है।
इन 8 लोगों की हुई है गिरफ्तारी
इस मामले में विशेष जांच दल की जांच के बाद चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े अहम साक्ष्य सामने आने का दावा किया गया था। जांच के आधार पर पुलिस ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष यादव को गिरफ्तार किया था।
चंपत राय ने दिया इस्तीफा
मामले के बाद अयोध्या के श्री राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दो ट्रस्टियों के एक साथ इस्तीफा देने के बाद यूपी में हलचल तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, चंदा चोरी मामले को लेकर FIR दर्ज होने से पहले, कल अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद की एक बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में संगठन के कई अहम पदाधिकारी शामिल हुए थे।
गलत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं करेंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में कहा, “अयोध्या की घटना के बारे में हमने कहा था कि एक SIT बनाई गई है। जैसे ही SIT की रिपोर्ट आएगी, हम कार्रवाई शुरू कर देंगे। जैसा कि आपने देखा, SIT की रिपोर्ट आई और तुरंत कार्रवाई की गई।”
जनता को भरोसा दिलाते हुए सीएम ने कहा, “मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि मैंने जो कहा था, ‘हम सच सामने लाएंगे’ हम उस पर कायम रहेंगे। हम जनता के भरोसे का कोई भी गलत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं करेंगे। लेकिन भाइयों और बहनों, मैं आप सभी से और पूरे राज्य के लोगों से यह भी कहना चाहता हूं। मैं श्री राम के भक्तों से भी अपील करना चाहता हूं। जो लोग आज आपत्ति जता रहे हैं और विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी नीयत ठीक नहीं है। ये वही लोग हैं जिन्होंने कभी भगवान राम के अस्तित्व को नकारा था और उनके होने पर सवाल उठाए थे।”



