CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

सीलबंद गैस सिलेंडर में 2 किलो से ज्यादा गैस कम, इंदौर में उपभोक्ता ने खोली एजेंसी की पोल; शिकायत पर मिली धमकी…

सीलबंद गैस सिलेंडर में 2 किलो से ज्यादा गैस कम, इंदौर में उपभोक्ता ने खोली एजेंसी की पोल; शिकायत पर मिली धमकी…

इंदौर : इंदौर के स्कीम नंबर 71 क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर में तय मात्रा से कम गैस मिलने का मामला सामने आया है। एक उपभोक्ता ने एचपी कंपनी की सांई लक्ष्मी गैस एजेंसी पर सील पैक सिलेंडर में करीब दो किलोग्राम से ज्यादा गैस कम देने का आरोप लगाया है। उपभोक्ता का कहना है कि शिकायत करने पर एजेंसी संचालक ने समस्या का समाधान करने के बजाय उसे धमकी दी। मामले की शिकायत खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में की गई है।

तौल में सामने आई गैस की कमी

स्कीम नंबर 71 निवासी अरुण माहेश्वरी ने बताया कि 20 जून को उन्हें सांई लक्ष्मी गैस एजेंसी से घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी मिली थी। सिलेंडर के वजन को लेकर संदेह होने पर उन्होंने बिना सील तोड़े उसका वजन कराया। तौल में सिलेंडर का वजन 27.350 किलोग्राम निकला।

उपभोक्ता के अनुसार सिलेंडर पर अंकित जानकारी के मुताबिक उसमें 14.400 किलोग्राम गैस और खाली सिलेंडर का वजन 15.100 किलोग्राम होना चाहिए था। इस हिसाब से कुल वजन 29.500 किलोग्राम होना चाहिए, लेकिन वास्तविक वजन में करीब 2.150 किलोग्राम गैस कम मिली।

शिकायत पर समाधान की जगह धमकी का आरोप

अरुण माहेश्वरी का आरोप है कि उन्होंने एजेंसी के नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शुरुआत में सिलेंडर बदलने की बात कही गई, लेकिन जब उन्होंने बार-बार कम गैस मिलने की बात उठाई तो एजेंसी संचालक ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया।

उपभोक्ता का आरोप है कि संचालक ने कहा कि वह जहां भी शिकायत करना चाहें कर सकते हैं, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग

पूरे मामले को लेकर अरुण माहेश्वरी ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने एजेंसी के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।

उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि यदि एजेंसी स्तर पर इस तरह की गड़बड़ी हो रही है तो आम लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और दोषी पाए जाने पर क्या कार्रवाई की जाती है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply