CrimeIndiaTrending

पहले चाकू से किया हमला, फिर कार में धमाका; रहस्यमय हालात में शख्स की मौत से सनसनी

कर्नाटक में एक शख्स की रहस्यमय मौत हो गई है। यह हादसा कर्नाटक के तुमकुरु जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। सड़क पर एक चलती हुई कार से पहले एक घायल महिला कूदी। थोड़ी देर के बाद ड्राइवर भी कार रोककर बाहर आ गया। इसके बाद कार में जोरदार धमाका हो गया। सभी को लगा कि किसी गड़बड़ी के चलते कार में ब्लास्ट हुआ होगा। लेकिन कुछ देर बाद पता चला कि कार के अंदर एक शख्स और था, जिसकी जलने से मौत हो गई। अब इस शख्स की पहचान तो हो गई है, लेकिन उसकी मौत की असल वजह क्या है, इसको लेकर अभी राज बना हुआ है। वैसे संदेह है कि हादसे में मारे गए शख्स के पास बम था।

फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि अभी घटना की फोरेंसिक रिपोर्ट नहीं मिली है। वहीं, मृतक की पहचान नागेंद्र (30) के रूप में हुई है। अधिकारियों को संदेह है कि सीरा तालुका के कल्लंबेला के पास कार में आग लगाने के लिए देसी बम का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। पुलिस ने बताया कि घटना से पहले नागेंद्र ने कार के अंदर एक महिला के सिर पर चाकू से हमला किया था, जो किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रही। अधिकारियों के अनुसार, महिला को बचाने के लिए कार चालक भी वाहन से बाहर कूद गया और उसी दौरान कार के अंदर विस्फोट हुआ, जिसके बाद वाहन देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया।

कार में युवती पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, नागेंद्र ने बेंगलुरु के जयनगर के निकट स्थित सिद्धापुरा से एक कार बुक की थी। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नागेंद्र ने युवती को जबरन कार में बैठा लिया था। पुलिस के मुताबिक, दोपहर के समय कल्लंबेला थाने के निकट यह घटना हुई। ड्राइवर के मुताबिक तुमकुरु के करीब पहुंचने पर युवती और नागेंद्र के बीच बहस शुरू हो गई। इसी दौरान नागेंद्र ने एक चाकू से युवती पर हमला बोल दिया। इसके बाद युवती ने ड्राइवर को सचेत किया कि युवक के पास बम है। इसके बाद ड्राइवर ने कार रोक दी और खुद नीचे कूद गया। उसके नीचे कूदते ही, कार में विस्फोट हो गया।

पुलिस को मिली थी सूचना
तुमकुरु जिले के पुलिस अधीक्षक अशोक केवी ने मीडिया को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे के किनारे खड़ा एक वाहन आग की चपेट में आ गया है। उन्होंने कहाकि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि वाहन का चालक व रम्या नाम की एक महिला वाहन के बाहर खड़े थे जबकि कार आग की लपटों में घिरी हुई थी। घटनाक्रम की जानकारी जुटाने पर पुलिस को पता चला कि कार के अंदर विस्फोट हुआ और वाहन के भीतर एक शव था।

क्या युवती का किया था अपहरण
अशोक ने कहाकि चालक और महिला ने हमें बताया कि कार के अंदर मौजूद व्यक्ति ने किसी विस्फोटक का इस्तेमाल किया था, जिसके कारण यह विस्फोट हुआ। उन्होंने कहाकि हमें मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नागेंद्र नाम के व्यक्ति ने बेंगलुरु के जयनगर क्षेत्र स्थित सिद्धापुरा थाना क्षेत्र से रम्या का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। इसी जानकारी के आधार पर हमने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली है। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि विस्फोट कैसे हुआ और इसके पीछे क्या कारण थे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply