
सोमवार का नाम सुनते ही अगर आपका मूड खराब हो जाता है, तो दुबई के सरकारी कर्मचारियों से शायद आपको थोड़ी जलन हो जाए. वजह भी खास है. वहां अब कई लोगों को हफ्ते में सिर्फ 4 दिन ऑफिस जाना होगा और उसके बाद लगातार 3 दिन की छुट्टी मिलेगी. इतना ही नहीं, कुछ कर्मचारियों के काम के घंटे भी कम कर दिए गए हैं. सरकार का कहना है कि जब लोग खुश रहेंगे, तभी बेहतर काम भी करेंगे. यही वजह है कि दुबई का ये फैसला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे ‘ड्रीम वर्क लाइफ’ बता रहे हैं.
आखिर क्या है पूरा मामला
दुबई सरकार ने गर्मियों के लिए ‘Our Flexible Summer’ नाम की नई योजना शुरू की है. ये 29 जून से 10 सितंबर 2026 तक चलेगी. इसका फायदा सिर्फ सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा. सरकार चाहती है कि गर्मी के मौसम में कर्मचारियों पर काम का बोझ थोड़ा कम रहे और उन्हें अपने परिवार और खुद के लिए भी समय मिल सके.
किसे मिलेगा 3 दिन का वीकेंड
नई व्यवस्था में कर्मचारियों को दो हिस्सों में बांटा जाएगा. एक समूह सोमवार से गुरुवार तक काम करेगा और शुक्रवार को छुट्टी रहेगी. यानी शनिवार और रविवार के साथ लगातार 3 दिन का वीकेंड मिलेगा. दूसरे समूह के कर्मचारी 5 दिन काम करेंगे, लेकिन उनके काम के घंटे कम होंगे और शुक्रवार को भी छोटी शिफ्ट रहेगी. कौन सा विभाग किस मॉडल पर चलेगा, इसका फैसला विभाग खुद करेगा.
क्यों लिया गया ये फैसला
सरकार का मानना है कि अगर कर्मचारियों को थोड़ा ज्यादा आराम मिलेगा तो उनका तनाव कम होगा. वो ज्यादा ताजगी के साथ काम करेंगे और उनका प्रदर्शन भी बेहतर होगा. पहले भी इस तरह की व्यवस्था आजमाई गई थी और अच्छे नतीजे मिलने के बाद इसे फिर से लागू किया गया है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. किसी ने लिखा, ‘अब तो दुबई शिफ्ट होने का मन कर रहा है'” एक यूजर ने मजाक में कहा, ‘भारत में तो सिर्फ स्ट्रेस और काम का बैलेंस है.’ वहीं कई लोगों ने याद दिलाया कि फिलहाल ये सुविधा सिर्फ सरकारी कर्मचारियों के लिए है, इसलिए प्राइवेट नौकरी करने वालों को अभी इंतजार करना होगा.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. Satyareport इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)



