नकरोड़ : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा उपमंडल में नकरोड़हिमगिरि डैम साइड सड़क पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देर रात हुआ, लेकिन अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण इसकी जानकारी रविवार सुबह स्थानीय लोगों को मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार नकरोड़ से हिमगिरि की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। रात के समय घटना का किसी को पता नहीं चला। सुबह स्थानीय लोगों की नजर खाई में गिरे वाहन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दुर्गम खाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला गया। फिलहाल मृतकों की पहचान और वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक डॉ. हंसराज भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नकरोड़हिमगिरि मार्ग पर हुए इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।



