CrimeIndia

चलती कार में आशिक ने किया धमाका… खुद जिंदा जलकर मरा, प्रेमिका ने ऐसे बचाई अपनी जान

Bomb Blast Case Karnataka: कर्नाटक के तुमकुरु जिले में शनिवार को एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक शख्स ने अपनी पूर्व प्रेमिका के साथ मरनेमारने की जिद में चलती कार के अंदर ही टाइम बम से धमाका कर दिया. इस भयानक विस्फोट में कार के परखच्चे उड़ गए और 30 वर्षीय युवक जिंदा जलकर मर गया. वहीं, उसकी पूर्व प्रेमिका और कैब ड्राइवर ऐन वक्त पर गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे.

चलती कार में आशिक ने किया धमाका… खुद जिंदा जलकर मरा, प्रेमिका ने ऐसे बचाई अपनी जान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय नागेंद्र के रूप में हुई है. नागेंद्र और घायल युवती पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन हाल ही में उनके बीच दूरियां आ गई थीं. आपसी मतभेदों के बाद युवती ने नागेंद्र का नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे वह बेहद गुस्से में था.

शनिवार सुबह नागेंद्र बेंगलुरु के जयनगर इलाके में युवती के किराए के मकान पर पहुंचा. वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद नागेंद्र ने जबरन उसे एक उबर कैब में बिठाया और अगवा कर लिया. युवती के अचानक लापता होने पर उसके मातापिता ने जयनगर पुलिस स्टेशन में अपहरण की शिकायत भी दर्ज कराई थी.

चलती कार में चाकू से हमला, सूझबूझ से बची युवती की जान

कार जब बेंगलुरु से अंकोला की तरफ बढ़ रही थी, तब नागेंद्र ने युवती को जान से मारने और खुद भी सुसाइड करने की धमकी दी. उसने कार के भीतर युवती को एक विस्फोटक डिवाइस भी दिखाई. सफर के दौरान नेशनल हाईवे48 पर सिरा तालुक के जोगीहल्ली के पास नागेंद्र अचानक हिंसक हो गया और उसने युवती पर चाकू से हमला कर दिया.

अंदर मचे हड़कंप को देखकर कैब ड्राइवर प्रवीन ने तुरंत गाड़ी रोकी. इसी बीच युवती ने फुर्ती दिखाते हुए कार का दरवाजe खोला और चलती गाड़ी से नीचे कूद गई. ड्राइवर भी तुरंत बाहर निकल आया.

जोरदार धमाके से उड़ी कार, 1 किलोमीटर लंबा जाम

युवती के बाहर कूदते ही कार के भीतर एक जोरदार और शक्तिशाली विस्फोट हुआ. धमाका इतना भयानक था कि पूरी कार आग का गोला बन गई. नागेंद्र कार के भीतर ही फंसा रह गया और देखते ही देखते वह जिंदा जल गया. इस हादसे के बाद व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. घायल युवती और कैब ड्राइवर प्रवीन को तुरंत तुमकुरु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

एसपी अशोक केवी का बयान

तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक के.वी. ने बताया कि प्रारंभिक जांच से साफ है कि नागेंद्र कार में कोई खतरनाक विस्फोटक लेकर चल रहा था और उसने खुद ही इस ब्लास्ट को अंजाम दिया. पुलिस ने घटनास्थल से बम जैसी विस्फोटक सामग्री बरामद की है. कल्लामबेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किस तरह का विस्फोटक था और नागेंद्र इसे कहां से खरीद कर लाया था.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply