अविनाश राय खन्ना के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की कार्रवाई की मांग

होशियारपुर : पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सैला खुर्द स्थित पेपर मिल से कथित रूप से फैल रहे प्रदूषण के मुद्दे को लेकर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मिल प्रबंधन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
खन्ना ने राज्यपाल को बताया कि क्षेत्र में वर्षों से संचालित क्वांटम पेपर मिल के कारण आसपास के गांवों के लोग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मिल से निकलने वाला दूषित एवं प्रदूषित पानी आसपास के क्षेत्रों में फैल रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही पशुपक्षियों और अन्य जीवजंतुओं पर भी इसका दुष्प्रभाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मिल से निकलने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो गया है तथा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ रही है। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि फैक्ट्री में अपशिष्ट के उचित उपचार की व्यवस्था नहीं है, जिससे पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंच रहा है।
खन्ना ने बताया कि स्थानीय लोग कई बार संबंधित विभागों के समक्ष शिकायतें दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने राज्यपाल से जनहित में मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर मिल प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षेत्रवासियों को प्रदूषण की समस्या से शीघ्र राहत दिलाने की मांग की।
इस अवसर पर संजीव गुप्ता , रिंकू चांदपुरी, सरपंच गोल्डी सिंह, मोहित गुप्ता, राजेश कुमार, करणवीर सिंह सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



