Pune Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ नएनए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी सिया गोयल अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ महाराष्ट्र क्रिकेट लीग का मैच देखती नजर आ रही है। हालांकि, यह वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। उधर, केतन अग्रवाल के परिवार और स्थानीय लोगों ने पिंपरीचिंचवड़ में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच में रविवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। पुलिस मुख्य आरोपी सिया गोयल को लेकर लोहागढ़ किले पहुंची, जहां घटना के सीन को दोबारा रीक्रिएट किया गया। जांच के दौरान सिया ने पुलिस टीम को उस जगह तक ले जाकर पूरा घटनाक्रम समझाया, जहां 18 जून को केतन अग्रवाल की खाई में गिरने से मौत हुई थी। सीन रीक्रिएशन के दौरान सिया गोयल व्हाइट टीशर्ट पहने और चेहरा ढके हुए नजर आई। पुलिस की मौजूदगी में उसने क्राइम स्पॉट तक जाने का रास्ता दिखाया और जांच अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए।
डमी की मदद से समझा गया पूरा घटनाक्रम
जांच टीम ने घटना को समझने के लिए डमी का इस्तेमाल किया। पुलिस ने यह जानने की कोशिश की कि केतन अग्रवाल को कथित तौर पर किस स्थान से और किस तरह खाई की ओर धक्का दिया गया था। इस प्रक्रिया के जरिए घटना के हर पहलू को दोबारा परखा गया।
चेतन चौधरी को भी ले जाएगी पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, सिया गोयल के बाद पुलिस इस मामले के दूसरे आरोपी चेतन चौधरी को भी लोहागढ़ किले ले जाकर सीन रीक्रिएशन कराएगी। इससे दोनों आरोपियों के बयानों का मिलान किया जाएगा और घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
केतन मर्डर केस: सिया का प्रेमी चेतन के साथ क्रिकेट मैच देखने का नया VIDE0 आया सामने
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में आरोपी मंगेतर सिया गोयल अपने कथित प्रेमी… pic.twitter.com/vt9vw4UapH
— Bansal News Official June 28, 2026
सिया के भाई से 10 घंटे पूछताछ
पुणे पुलिस ने मामले की जांच के तहत सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, साहिल ने बताया कि चेतन चौधरी और सिया की पहचान एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। पुलिस इस जानकारी को अन्य सबूतों के साथ जोड़कर जांच कर रही है।
रेस्क्यू करने वाले व्यक्ति का दावा
घटनास्थल से केतन का शव बाहर निकालने वाले सुनील गायकवाड़ ने दावा किया कि शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। उनके अनुसार, केतन के सिर पर गहरी चोट थी और हाथपैरों पर भी चोटें दिखाई दे रही थीं। उन्होंने यह भी कहा कि जहां अन्य लोग मदद के लिए परेशान थे, वहीं सिया गोयल काफी शांत दिखाई दे रही थी। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार को शुरुआत से था शक
केतन के पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि घटना वाले दिन से ही परिवार को सिया के व्यवहार पर संदेह होने लगा था। उनका आरोप है कि जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने बताया कि केतन की सांसें चल रही हैं और उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, तब सिया के हावभाव बदल गए। इसके बाद भी वह परिवार के कई सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के बाद सिया का मोबाइल लगातार व्यस्त आ रहा था और बातचीत के दौरान उसने कई बार चेतन का नाम लिया, जिससे उनका संदेह और गहरा गया।
बहन के सवालों का नहीं मिला जवाब
केतन की बहन ने सिया से पूछा कि हादसा कैसे हुआ, वह कहां खड़ी थी और केतन खाई तक कैसे पहुंचा, लेकिन परिवार का आरोप है कि सिया किसी भी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। अगले दिन भी जब उससे दोबारा पूछताछ की गई तो वह चुप रही। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर अपनी आशंकाएं साझा कीं।
ये भी पढ़ें:
लोहागढ़ किले पर हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल पुणे के लोहागढ़ किले घूमने गए थे। वहीं केतन की मौत हुई। जांच के दौरान पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया। दोनों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है और फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। वायरल वीडियो, परिवार के आरोप, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अंतिम निष्कर्ष अदालत में पेश किए जाने वाले सबूतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही सामने आएगा।
ये भी पढ़ें:



